मुंबई के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी का कोहराम..जसप्रीत बुमराह के पहली ही गेंद पर जड़ा छक्का

vaibhav sooryavanshi : राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी से एक बार फिर सभी का ध्यान खींचा. गुवाहाटी में खेले गए इस मैच में उन्होंने महज 14 गेंदों में 39 रन ठोककर मैच का रुख शुरुआती ओवरों में ही बदल दिया.

बुमराह के खिलाफ आक्रामक शुरुआत

मुंबई के कप्तान हार्दिक पंड्या ने दूसरे ओवर में गेंद जसप्रीत बुमराह को सौंपी. स्ट्राइक पर मौजूद सूर्यवंशी ने बिना किसी झिझक के पहली ही गेंद पर मिड-ऑन के ऊपर शानदार छक्का जड़कर अपना खाता खोला. उन्होंने इसी ओवर की चौथी गेंद पर एक और छक्का लगाते हुए बुमराह के ओवर से कुल 12 रन बटोरे.

लगातार छक्कों से मचाया कोहराम

सूर्यवंशी ने इसके बाद ट्रेंट बोल्ट और शार्दुल ठाकुर के खिलाफ भी आक्रामक रुख जारी रखा. बोल्ट की पहली ही गेंद पर बैकवर्ड स्क्वेयर लेग के ऊपर छक्का लगाया तो ठाकुर के ओवर की शुरुआत छक्के से फिर चौका और एक और छक्का लगा शुरुआत में ही मुंबई की कमर तोड़ दी. उनकी इस ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी की बदौलत राजस्थान ने सिर्फ 2.4 ओवर में 50 रन पूरे कर लिए.

पारी का अंत और निराशा

हालांकि, अपनी शानदार लय के बावजूद सूर्यवंशी बड़ी पारी नहीं खेल सके. शार्दुल ठाकुर के ओवर की आखिरी गेंद पर वे बाउंड्री के पास तिलक वर्मा के हाथों कैच आउट हो गए. आउट होने के बाद वे अपने शॉट चयन से काफी निराश दिखाई दिए और खुद पर नाराज़गी जताते नजर आए. सूर्यवंशी ने 14 गेंदों में 39 रन बनाए, जिसमें 1 चौका और 5 छक्के शामिल रहे. उनकी इस तेज़तर्रार पारी ने मैच की शुरुआत में ही दर्शकों को रोमांचित कर दिया और आने वाले मुकाबलों के लिए उनकी संभावनाओं को भी उजागर किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *