अभी नहीं खत्म होगा इंतजार..! धोनी की फिटनेस पर सस्पेंस, चेन्नई सुपर किंग्स की मुश्किलें बढ़ीं

MS dhoni injury update : चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल 2026 की शुरुआत बेहद खराब रही है. टीम अपने पहले तीनों मुकाबले हार चुकी है और अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर है. इस बीच टीम के दिग्गज खिलाड़ी Mahendra Singh Dhoni की फिटनेस को लेकर अनिश्चितता ने चिंताएं और बढ़ा दी हैं.

रिहैब प्रक्रिया से गुजर रहे हैं धोनी

टीम के सीईओ Kasi Viswanathan ने स्पष्ट किया है कि धोनी अभी रिहैब प्रक्रिया से गुजर रहे हैं और उनकी वापसी को लेकर कोई निश्चित समयसीमा तय नहीं है. उन्होंने कहा कि एमएस अभी रिहैब में हैं और उन्हें ठीक होने में कुछ समय लगेगा. फिलहाल यह कहना मुश्किल है कि वे कब मैच खेलने के लिए पूरी तरह फिट होंगे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 44 वर्षीय धोनी चेन्नई में ही अपने परिवार के साथ रहकर सपोर्ट स्टाफ, फिजियो और मसाजर की निगरानी में रिकवरी कर रहे हैं. उन्होंने हाल ही में नेट्स में बल्लेबाजी जरूर की, लेकिन अभी मैच फिटनेस हासिल नहीं कर पाए हैं. यही कारण है कि वे टीम के साथ हाल के अवे मैचों में भी शामिल नहीं हुए.

फिटनेस से जूझ रही टीम

चेन्नई सुपर किंग्स को आगामी एक सप्ताह में अपने घरेलू मैदान पर दो महत्वपूर्ण मुकाबले खेलने हैं, 11 अप्रैल को Delhi Capitals और 14 अप्रैल को Kolkata Knight Riders के खिलाफ. ऐसे में धोनी की अनुपस्थिति टीम के लिए बड़ा झटका साबित हो सकती है.टीम को एक और चोट की समस्या का सामना करना पड़ रहा है. युवा बल्लेबाज Dewald Brevis भी फिटनेस से जूझ रहे हैं. हालांकि, टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि वे अगले मैच तक उपलब्ध हो सकते हैं, लेकिन उनकी स्थिति पर अंतिम फैसला उनकी रिकवरी पर निर्भर करेगा.

चेन्नई सुपर किंग्स का सीजन में खराब शुरुआत

Ruturaj Gaikwad की कप्तानी में खेल रही चेन्नई सुपर किंग्स इस सीजन में खराब शुरुआत से उबरने की कोशिश कर रही है. टीम 2022 के उस अनचाहे रिकॉर्ड को दोहराना नहीं चाहेगी, जब उसने अपने पहले चार मुकाबले गंवा दिए थे. अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या चेन्नई अपनी स्थिति सुधार पाएगी और धोनी कब मैदान पर वापसी करेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *