Bihar next CM news : बिहार की राजनीति में मंगलवार (15 अप्रैल) को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिल सकता है. प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे की अटकलें तेज हैं, वहीं नई सरकार के गठन को लेकर सियासी हलचल भी बढ़ गई है. इस बीच नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस (एनडीए) ने राजधानी पटना में विधायक दल की अहम बैठक बुलाई है.
पटना में एनडीए विधायक दल की बैठक
सूत्रों के मुताबिक, 14 अप्रैल को शाम 4 बजे विधानसभा भवन का सेंट्रल हॉल में एनडीए के सभी विधायक एकत्र होंगे. इस बैठक में शिवराज सिंह चौहान ऑब्जर्वर के रूप में मौजूद रहेंगे. बैठक का मुख्य एजेंडा विधायक दल का नेता चुनना होगा, जो बिहार के अगले मुख्यमंत्री के रूप में सामने आएगा. जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे लोकभवन में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा सकता है. कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और प्रशासनिक स्तर पर तेजी से काम चल रहा है. सूत्रों का कहना है कि उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को समारोह की तैयारियों की जानकारी दी गई है, जिससे संकेत मिलते हैं कि वे इस पूरी प्रक्रिया में अहम भूमिका निभा सकते हैं.
मुख्यमंत्री के चेहरे पर सस्पेंस
एनडीए गठबंधन में कई दल शामिल हैं और सभी की अपनी प्राथमिकताएं हैं. ऐसे में विधायक दल की बैठक के जरिए सर्वसम्मति से नेता का चयन किया जाएगा. बैठक के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा. सूत्रों के मुताबिक, नई सरकार में जनता दल (यूनाइटेड) (जेडीयू) कोटे के मंत्रियों की संख्या बढ़ सकती है. नए कैबिनेट में जेडीयू के 4–5 नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है. मौजूदा कैबिनेट में मुख्यमंत्री के अलावा जेडीयू के 8 मंत्री हैं. इस बार कुछ विधायकों को पहली बार मंत्री बनने का मौका मिल सकता है, खासकर मिथिलांचल और शाहाबाद क्षेत्र से.