Samrat Choudhary : बिहार की राजनीति में संभावित नेतृत्व परिवर्तन अब तय हो चुका है. नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद अब माना जा रहा है कि राज्य को जल्द ही नया मुख्यमंत्री मिल सकता है. हालिया राजनीतिक घटना को लेकर दावा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए यह एक बड़ी राजनीतिक उपलब्धि है. हालांकि,राजनीतिक विश्लेषक भाजपा की इस जीत को भविष्य की चुनौतियों के संकेत के तौर पर भी देख रहे हैं. मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही अटकलों के बीच यह सवाल लगभग स्पष्ट हो चुका है कि नेतृत्व परिवर्तन की दिशा तय हो गई है और नीतीश के बाद सम्राट चौधरी बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे. हालांकि राजनीतिक जानकारों की मानें तो अगर सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बनते हैं, तब भी भाजपा की मूल राजनीतिक महत्वाकांक्षा पूरी तरह साकार नहीं मानी जाएगी. पार्टी को गठबंधन की राजनीति और सामाजिक समीकरणों के चलते कई स्तरों पर संतुलन बनाना होगा. इसके अलावा बिहार की जटिल राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगा .
नीतीश कुमार के इस्तीफे और राज्य में नए सरकार के गठन की खबरों के बीच बिहार की राजनीति में इन दिनों भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और मौजूदा उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर चर्चाएं तेज हैं. लगभग तय है कि सम्राट चौधरी ही अगले मुख्यमंत्री होंगे. हालांकि सम्राट चौधरी का नाम पार्टी की मौजूदा कार्यशैली के एक दम ठीक विपरीत जान पड़ता है. जानकारों के अनुसार भाजपा में यह वह दौर है जब पार्टी में केवल यस मैन संस्कृति हावी है, लेकिन इस बीच बिहार के सबसे बड़े राजनीतिक पद के लिए ऐसे नेता का नाम का सुर्खियों में है, जिसने प्रभावशाली क्षेत्रीय नेतृत्व के साथ-साथ अपनी अलग पहचान बनाई है.
दिलचस्प बात यह है कि यह नेता किसी केंद्रीय नेतृत्व की सीधी कृपा से नहीं, बल्कि अपनी राजनीतिक सूझबूझ और सहयोगी दलों से मिले समर्थन के दम पर मजबूत हुआ है. मीडिया रिपोर्ट की मानें तो पार्टी के भीतर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर सर्वसम्मति नहीं है. दावा यह भी है कि पार्टी के शीर्ष स्तर पर भी सम्राट चौधरी को लेकर अलग-अलग राय है. यहां तक कि BJP के राष्ट्रीय नेतृत्व और RSS के कुछ वर्गों की पसंद सम्राट चौधरी के बदले कोई और है. लेकिन इसके बावजूद मौजूदा परिस्थितियों में BJP के पास इस उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नाम पर सहमति बनाने के अलावा कोई अन्य मजबूत विकल्प नहीं हैं. संभावित नेतृत्व परिवर्तन को लेकर देखें तो पिछले कुछ समय में राज्य के मुख्यमंत्री को लेकर कई संभावित नामों पर अटकलें लगाई गईं, लेकिन वे टिक नहीं सकीं. इसके उलट महज आठ वर्ष पहले भाजपा में शामिल हुए सम्राट चौधरी का नाम उस महत्वपूर्ण पद के लिए लगभग तय हो चुका है, जिसे पार्टी लंबे समय से हासिल करने का सपना देखती रही है.
दरअसल, भाजपा की स्थापना के बाद से ही बिहार में अपना मुख्यमंत्री बनाने की महत्वाकांक्षा रही है. लेकिन बदलते राजनीतिक समीकरणों और गठबंधन की मजबूरियों के चलते यह लक्ष्य अब तक अधूरा रहा है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह बदलाव भाजपा के लिए जहां एक ओर अवसर लेकर आ सकता है, वहीं दूसरी ओर सत्ता संतुलन और जनाधार के लिहाज से नई चुनौतियां भी खड़ी कर सकता है. आने वाले समय में यह स्पष्ट होगा कि यह निर्णय पार्टी को दीर्घकालिक मजबूती देता है या राजनीतिक समीकरण एक बार फिर नया मोड़ लेते हैं.