Bihar CM cap controversy : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान उस समय चर्चा में आ गए, जब उन्होंने मुस्लिम टोपी पहनने से इंकार कर दिया. कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति ने उन्हें टोपी पहनाने की कोशिश की, लेकिन मुख्यमंत्री ने उसका हाथ हल्के से रोकते हुए इसे स्वीकार नहीं किया. इस दौरान उनके चेहरे के भाव भी काफी सख्त नजर आए, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि वह इस पहल से सहज नहीं थे.
टोपी से ज्यादा संदेश पर चर्चा
साधारण सी लगने वाली घटना सिर्फ उतना भर नहीं है जितना की वायरल वीडियो में दिख रहा है. दरअसल इस घटना को लेकर राजनीतिक गलियारों में सिर्फ टोपी पहनने या न पहनने की बात नहीं, बल्कि इसके पीछे के संदेश पर चर्चा तेज हो गई है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह एक प्रतीकात्मक कदम था, जो राज्य की बदलती राजनीतिक दिशा की ओर इशारा करता है.
बीजेपी स्टाइल राजनीति का संकेत?
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि मुख्यमंत्री का यह कदम भारतीय जनता पार्टी की स्थापित राजनीतिक शैली से मेल खाता है. इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सार्वजनिक मंचों पर इस तरह के संकेत दे चुके हैं. राजनीतिक विश्लेषक इस हालिया मामले को लेकर दावा करते हैं कि सम्राट चौधरी ने कोई अलग या असामान्य काम नहीं किया है, बल्कि उन्होंने वही किया जो बीजेपी के राजनीतिक मॉडल का हिस्सा है. विश्लेषकों का यह भी मानना है कि यह संदेश केवल आम जनता के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और पार्टी नेतृत्व के लिए भी है. इस कदम के जरिए मुख्यमंत्री ने यह स्पष्ट करने की कोशिश की है कि वह पार्टी की विचारधारा के साथ मजबूती से खड़े हैं.
आंतरिक राजनीति में असर
बताया जा रहा है कि सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री होने से बिहार बीजेपी के भीतर नेतृत्व को लेकर पहले से मतभेद रहे हैं. ऐसे में मुख्यमंत्री का यह कदम उन्हें एक मजबूत और भरोसेमंद नेता के रूप में स्थापित करने की दिशा में देखा जा रहा है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस घटना ने यह संकेत दे दिया है कि बिहार की राजनीति आने वाले समय में किस दिशा में आगे बढ़ सकती है.