Neet students protest : NEET (UG) 2026 परीक्षा को लेकर उठे पेपर लीक के आरोपों के बीच National Testing Agency (NTA) ने मंगलवार को परीक्षा रद्द करने की घोषणा की. यह परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित की गई थी, जिसमें करीब 22.79 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था.
कब किया जाएगा नई परीक्षा तिथि का ऐलान
NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में हुई गड़बड़ियों की जिम्मेदारी एजेंसी स्वीकार करती है. उन्होंने बताया कि NEET (UG) 2026 परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी और नई परीक्षा तिथि का ऐलान अगले 6 से 8 दिनों में किया जाएगा.
CBI को सौंपी गई मामले की जांच
इस बीच केंद्र सरकार ने मामले की जांच Central Bureau of Investigation (CBI) को सौंप दी है. एजेंसी ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. NTA के अनुसार, भारत सरकार की मंजूरी मिलने के बाद परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया.
कैसे हुआ मामला का खुलासा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि NEET का पेपर कथित तौर पर एक क्वेश्चन बैंक के जरिए लीक किया गया. इसमें फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के 300 से अधिक सवाल शामिल थे. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सभी प्रश्न हाथ से लिखे गए थे और उनकी हैंडराइटिंग एक जैसी पाई गई है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पेपर लीक का स्रोत क्या था और यह नेटवर्क कहां से संचालित हो रहा था. मामले का खुलासा सबसे पहले Sikar से होने की जानकारी सामने आई है.