बेटी की शादी के लिए चार गुना ज्यादा पैसा देगी सरकार..! सैटेलाइट टाउनशिप को भूमि अधिग्रहण नियमों में राहत

Satellite township kya hai : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सरकार की महत्वाकांक्षी सैटेलाइट टाउनशिप परियोजना को लेकर दिए गए एक बयान इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. सोनपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि जिन परिवारों की जमीन टाउनशिप निर्माण के लिए अधिग्रहित की जाएगी और जिनके घर में विपदा, आर्थिक परेशानी या बेटी की शादी जैसी जरूरतें होंगी, उन्हें सरकार विशेष राहत देगी. सम्राट चौधरी ने मंच से कहा कि ऐसे लोग जिला अधिकारी को आवेदन दें. जांच के बाद पात्र परिवारों को जमीन के बदले चार गुना मुआवजा सीधे उनके बैंक खाते में भेजा जाएगा. वो भी 15 दिनों के अंदर.

क्या बोले सम्राट चौधरी?

अपने संबोधन में चौधरी ने कहा कि अगर किसी परिवार की जमीन टाउनशिप में चली जाती है और घर में बेटी की शादी या कोई विपदा है, तो वे जिलाधिकारी को आवेदन दें. सरकार चार गुना पैसा उनके घर और अकाउंट तक पहुंचाने का काम करेगी. उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि किसी भी रैयत को परेशान होने की जरूरत नहीं है और सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है. जानकारी के लिए बता दें कि राज्य में 11 नए ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने का प्रस्ताव है.

टाउनशिप परियोजना को बताया विकास का मॉडल

प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप को लेकर सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार राज्य के कई इलाकों को आधुनिक और व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित करना चाहती है. उनके अनुसार नई टाउनशिप परियोजनाएं रोजगार, निवेश और बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी. उन्होंने कहा कि सरकार इन क्षेत्रों को दुनिया के स्तर का कमर्शियल ज़ोन बनाने की दिशा में काम कर रही है.

किन शहरों में बनेंगी नई सैटेलाइट टाउनशिप?

रिपोर्ट की मानें तो राज्य सरकार ने बिहार के 11 बड़े शहरों के आसपास नई सैटेलाइट टाउनशिप बसाने की योजना शुरू की है. प्रस्तावित शहरों में पटना,मुजफ्फरपुर,भागलपुर,गया,पूर्णिया,दरभंगा,छपरा,सोनपुर,सीतामढ़ी,मुंगेर और सहरसा शामिल हैं. इसके अलावा सासाराम के आसपास भी नई टाउनशिप विकसित करने पर विचार किया जा रहा है.

जमीन मालिकों के बीच बढ़ी चर्चा

सरकार के इस ऐलान के बाद जमीन मालिकों और किसानों के बीच नई चर्चा शुरू हो गई है. कई लोग इसे राहत देने वाला कदम मान रहे हैं, जबकि कुछ लोग जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया और मुआवजा वितरण को लेकर स्पष्ट नीति की मांग कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सम्राट चौधरी का बयान व्यापक रूप से शेयर किया जा रहा है और इसे सरकार की बड़ी घोषणा के रूप में देखा जा रहा है.

सरकार की चुनौती क्या होगी?

वहीं विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी बड़ी टाउनशिप परियोजना को सफल बनाने के लिए सरकार को पारदर्शी भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया, उचित पुनर्वास और समय पर मुआवजा सुनिश्चित करना होगा. यदि सरकार अपने वादे के अनुसार प्रभावित परिवारों को राहत देने में सफल रहती है, तो यह परियोजना बिहार के शहरी विकास मॉडल में बड़ा बदलाव ला सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *