Bihar cricket team : भारत के सबसे लोकप्रिय क्रिकेट टूर्नामेंट आईपीएल में क्या भविष्य में बिहार की भी अपनी टीम नजर आएगी? यह सवाल अब राष्ट्रीय बहस का हिस्सा बन चुका है. वेदांता समूह के चेयरमैन Anil Agarwal ने बिहार के लिए अलग आईपीएल फ्रेंचाइजी की वकालत करते हुए बड़ा बयान दिया है. उनके इस बयान के बाद राजनीति और खेल जगत में चर्चाएं तेज हो गई हैं.
अनिल अग्रवाल ने उठाई बिहार IPL टीम की मांग
उद्योगपति अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि जिस तरह Chennai Super Kings, Mumbai Indians और Kolkata Knight Riders जैसी टीमें अपने-अपने राज्यों की पहचान बन चुकी हैं, उसी तरह बिहार को भी अपनी आईपीएल टीम मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा कि बिहार की मिट्टी ने देश को कई बेहतरीन क्रिकेटर दिए हैं, लेकिन राज्य को अब तक वह पहचान नहीं मिल सकी जिसकी वह हकदार है.
बिहार के खिलाड़ियों का जिक्र
अनिल अग्रवाल ने अपने पोस्ट में बिहार से निकले कई क्रिकेट सितारों का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि पटना में जन्मे Ishan Kishan ने सबसे तेज वनडे डबल सेंचुरी लगाकर दुनिया में बिहार का नाम रोशन किया. वहीं समस्तीपुर के Vaibhav Suryavanshi आईपीएल में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों में शामिल हुए. इसके अलावा गोपालगंज के तेज गेंदबाज Sakib Hussain की गेंदबाजी की भी उन्होंने जमकर तारीफ की और कहा कि पूरी दुनिया अब बिहार के क्रिकेट टैलेंट को देख रही है. अनिल अग्रवाल ने लिखा कि उनका सपना है कि बिहार के युवाओं को राज्य में ही वर्ल्ड क्लास स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर और ट्रेनिंग मिले ताकि उन्हें बाहर पलायन न करना पड़े. उन्होंने भरोसा जताया कि सही सुविधाएं मिलने पर बिहार की टीम दुनिया की सबसे मजबूत टीमों में शामिल हो सकती है. उन्होंने बिहार क्रिकेट और खिलाड़ियों को अनकंडीशनल सपोर्ट देने का भी ऐलान किया.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का समर्थन
बिहार के मुख्यमंत्री Samrat Choudhary ने भी अनिल अग्रवाल की बात का समर्थन किया. उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिहार सरकार राज्य के क्रिकेट विजन पर मिशन मोड में काम कर रही है और सकारात्मक निर्णय की दिशा में आगे बढ़ेगी. सम्राट चौधरी ने कहा कि उद्योग जगत और सरकार के सहयोग से बिहार की क्रिकेट पहचान को नई ऊंचाई मिल सकती है.
क्या सचमुच IPL में आएगी बिहार टीम?
फिलहाल आईपीएल में नई टीम जोड़ने को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. हालांकि 2022 में दो नई टीमों Gujarat Titans और Lucknow Super Giants को शामिल किया गया था. ऐसे में भविष्य में आईपीएल विस्तार की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. विशेषज्ञ मानते हैं कि बिहार की बड़ी आबादी, क्रिकेट के प्रति दीवानगी और लगातार उभरती प्रतिभाएं राज्य को आईपीएल फ्रेंचाइजी के लिए मजबूत दावेदार बना सकती हैं.