बिहार विधान परिषद की 9 सीटों पर चुनाव का ऐलान…18 जून को होगा मतदान

Bihar MLC elections : चुनाव आयोग ने बिहार विधान परिषद की 9 खाली हो रही सीटों पर चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है. इन सीटों पर चुनाव विधायक कोटे से होगा, यानी बिहार विधानसभा के निर्वाचित विधायक मतदान कर नए सदस्यों का चयन करेंगे. आयोग ने स्पष्ट किया है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून से पहले पूरी कर ली जाएगी.

जून के पहले सप्ताह से शुरू होगी प्रक्रिया

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, उम्मीदवार 1 जून से 8 जून तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे. नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी, जबकि उम्मीदवार 11 जून तक अपना नाम वापस ले सकते हैं. सभी सीटों के लिए मतदान 18 जून को कराया जाएगा. इन 9 सीटों के अलावा नीतीश कुमार के इस्तीफे से खाली हुई एक सीट पर भी 18 जून को ही उपचुनाव भी कराया जाएगा.

इन सदस्यों का कार्यकाल हो रहा समाप्त

28 जून को जिन विधान परिषद सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई प्रमुख नेता शामिल हैं. इनमें कुमुद वर्मा (जेडीयू), प्रोफेसर गुलाम गौस (जेडीयू),मोहम्मद फारूक (राजद),सुनील कुमार सिंह (राजद),भीष्म साहनी (भाजपा),संजय प्रकाश उर्फ ​​संजय मयूख (भाजपा) और समीर कुमार सिंह (कांग्रेस) शामिल हैं.

दो रिक्त सीटों पर भी होगा चुनाव

इन 9 सीटों में दो ऐसी सीटें भी शामिल हैं जो पहले ही खाली हो चुकी हैं. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पिछले वर्ष विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था. उनकी सीट पर भी अब चुनाव कराया जाएगा. इसके अलावा भगवान सिंह कुशवाह ने विधायक और बाद में मंत्री बनने के बाद विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिया था. उनकी रिक्त सीट के लिए भी इसी चुनाव प्रक्रिया के तहत मतदान कराया जाएगा.

राजनीतिक दलों की बढ़ी हलचल

विधान परिषद चुनाव की घोषणा के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. सत्तारूढ़ गठबंधन और विपक्ष दोनों ही अपने उम्मीदवारों के चयन को लेकर रणनीति बनाने में जुट गए हैं. विधायक संख्या के आधार पर सीटों के बंटवारे और संभावित उम्मीदवारों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *