Bihar Ki Dinbhar Ki Khabar : बिहार की राजनीति में मंगलवार को एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला, जब एक तरफ जहां चुनाव आयोग ने बिहार विधान परिषद की 9 खाली हो रही सीटों पर चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की तो वही दूसरी तरफ RJD महिला प्रकोष्ठ की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रितु जायसवाल ने भाजपा का दामन थाम लिया. पढ़िए आज की बड़ी खबर…
-
रितु जायसवाल ने थामा भाजपा का दामन
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की पूर्व नेता रितु जयसवाल भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गईं. पटना में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली. रितु जयसवाल को आरजेडी नेता तेजस्वी यादव का करीबी माना जाता रहा है. उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में आरजेडी के टिकट पर शिवहर सीट से चुनाव लड़ा था. बाद में उन्होंने विधानसभा चुनाव निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में भी अपनी किस्मत आजमाई.बीजेपी में शामिल होने के बाद रितु जयसवाल ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली और सबका साथ, सबका विकास की सोच से प्रभावित हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसी खास विचारधारा के आधार पर लोगों को नहीं देखते, बल्कि सभी वर्गों को समान अवसर देने में विश्वास रखते हैं. इसी विचारधारा से प्रेरित होकर उन्होंने बीजेपी का दामन थामा.
-
बिहार विधान परिषद की 9 सीटों पर चुनाव का ऐलान
चुनाव आयोग ने बिहार विधान परिषद की 9 खाली हो रही सीटों पर चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है. इन सीटों पर चुनाव विधायक कोटे से होगा, यानी बिहार विधानसभा के निर्वाचित विधायक मतदान कर नए सदस्यों का चयन करेंगे. आयोग ने स्पष्ट किया है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून से पहले पूरी कर ली जाएगी. निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, उम्मीदवार 1 जून से 8 जून तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे. नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी, जबकि उम्मीदवार 11 जून तक अपना नाम वापस ले सकते हैं. सभी सीटों के लिए मतदान 18 जून को कराया जाएगा. इन 9 सीटों के अलावा नीतीश कुमार के इस्तीफे से खाली हुई एक सीट पर भी 18 जून को ही उपचुनाव भी कराया जाएगा.
-
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने की एमएलसी सीट की मांग
बिहार में होने वाले अगामी विधान परिषद की 10 सीटों के लिए 18 जून को मतदान होगा और उसी दिन मतगणना के बाद परिणाम भी घोषित किए जाएंगे. चुनाव की घोषणा के साथ ही केंद्रीय मंत्री Jitan Ram Manjhi ने एनडीए में अपनी पार्टी के लिए एक एमएलसी सीट की मांग तेज कर दी है. मंगलवार को मांझी ने बिहार के उपमुख्यमंत्री Samrat Choudhary से मुलाकात की. मुलाकात के बाद मांझी ने कहा कि हम किसी पार्टी से कमजोर नहीं हैं. हमें कम से कम एक एमएलसी सीट मिलनी चाहिए.
-
सरकारी खर्च पर अधिकारियों की विदेश यात्रा पर रोक
बिहार सरकार ने सरकारी खर्च पर अधिकारियों की विदेश यात्राओं पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है. यह प्रतिबंध अगले छह महीनों तक लागू रहेगा. साथ ही राज्य और जिला स्तर की सरकारी बैठकों को अब वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं. अमेरिका-ईरान तनाव के बाद उत्पन्न वैश्विक परिस्थितियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील को ध्यान में रखते हुए बिहार सरकार ने यह निर्णय लिया है. इस संबंध में बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिवों के अलावा सभी प्रमंडलीय आयुक्तों एवं जिलाधिकारियों (डीएम) को पत्र जारी कर निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है.
-
तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं. बुधवार को राज्य के सभी जिलों में तेज धूप पड़ने की संभावना है. वहीं, 25 जिलों के लिए बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है.