Suryakumar Yadav : भारत को घरेलू सरजमीं पर टी20 विश्व कप 2026 का खिताब दिलाने वाले सूर्यकुमार यादव को बड़ा झटका लगा है. विश्व कप जीत के महज तीन महीने बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उन्हें टी20 टीम की कप्तानी से हटाने का फैसला किया है. साथ ही आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए उनकी टीम में जगह भी मुश्किल नजर आ रही है.
कौन होगा टी20 टीम का नया कप्तान
इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि BCCI, चयन समिति और टीम प्रबंधन ने मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ चर्चा के बाद यह फैसला लिया है. बोर्ड अब नए टी20 चक्र के लिए नए कप्तान की नियुक्ति करेगा. अखबार ने एक वरिष्ठ BCCI अधिकारी के हवाले से बताया कि सूर्यकुमार की कप्तानी में भारत ने टी20 विश्व कप जीता, लेकिन उनकी हालिया बल्लेबाजी फॉर्म और भविष्य की योजनाओं को देखते हुए टीम प्रबंधन ने बदलाव का फैसला किया है. अब टीम को नए नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ाने का समय आ गया है. अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि सूर्यकुमार को आगामी टी20 टीम चयन में शामिल नहीं किया जाएगा और जल्द ही उन्हें इस फैसले की जानकारी दे दी जाएगी.
खराब फॉर्म बनी सबसे बड़ी वजह
सूर्यकुमार यादव पिछले दो वर्षों से लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं. उनकी बल्लेबाजी को लेकर लंबे समय से सवाल उठ रहे थे. 2026 के आईपीएल सीजन में भी उनका प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा. मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए सूर्यकुमार ने 13 पारियों में केवल 270 रन बनाए. इस दौरान उनका औसत 20.76 रहा. हालांकि उन्होंने सीजन का अंत राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अर्धशतक लगाकर किया, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में निरंतरता की कमी साफ दिखाई दी.
रोहित शर्मा के बाद संभाली थी कमान
सूर्यकुमार यादव को 2024 में रोहित शर्मा के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भारतीय टीम की कप्तानी सौंपी गई थी. उनके नेतृत्व में भारत ने मार्च 2026 में अपना तीसरा टी20 विश्व कप खिताब जीता था, लेकिन उस दौरान भी उनका व्यक्तिगत प्रदर्शन लगातार चिंता का विषय बना रहा.
आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से होगी नई शुरुआत
भारतीय टीम इस महीने के अंत में आयरलैंड दौरे पर दो टी20 मैच खेलेगी, जिसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 श्रृंखला खेलेगी. माना जा रहा है कि इन्हीं दौरों से भारत नए कप्तान के नेतृत्व में अपने अगले टी20 विश्व कप अभियान की शुरुआत करेगा. BCCI की ओर से नए कप्तान के नाम की आधिकारिक घोषणा जल्द किए जाने की उम्मीद है. क्रिकेट जगत की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि चयनकर्ता सूर्यकुमार यादव के उत्तराधिकारी के रूप में किस खिलाड़ी पर भरोसा जताते हैं.
सोर्स : मीडिया रिपोर्ट