Bihar ki Dinbhar ki khabar : बिहार में बुधवार को कई महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आए. मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में लगी आग में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है. वहीं राज्य सरकार ने सभी पुलों के सुरक्षा ऑडिट के निर्देश दिए हैं. कृषि विभाग ने उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता का दावा किया है, जबकि मौसम विभाग ने 18 से 20 जून के बीच बिहार में मानसून के प्रवेश की संभावना जताई है..पढ़िए बिहार की बड़ी खबरें (Bihar news Today)…
-
कोचिंग सेंटर के बाहर खान सर के गार्ड ने ही की थी फायरिंग
पटना में 2 जून की रात हुए विवाद और कथित फायरिंग मामले में एक नया वीडियो सामने आया है. यह वीडियो ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से जारी किया गया है. वीडियो में दावा किया गया है कि विवाद के दौरान गोलीबारी खान सर के सुरक्षा कर्मियों द्वारा की गई थी. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस खान सर के कोचिंग संस्थान पहुंची और वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों सुरक्षा कर्मियों को पूछताछ के लिए कदमकुआं थाना ले गई. करीब तीन घंटे की पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के अनुसार, दोनों के हथियार भी जब्त कर लिए गए हैं और उनका सत्यापन कराया जा रहा है.
पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. साथ ही, खान सर से भी उनके कोचिंग संस्थान में पूछताछ की गई है. मामले में नई एफआईआर दर्ज किए जाने की भी जानकारी सामने आई है. हालांकि, जांच अभी जारी है और पुलिस की ओर से अंतिम निष्कर्ष घोषित नहीं किया गया है. उधर, ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक की रिहाई की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतरे. छात्रों ने कोचिंग संस्थान से कारगिल चौक तक मार्च निकाला और कैंडल जलाकर रौशन आनंद की रिहाई की मांग की. प्रदर्शन में हजारों छात्रों के शामिल होने का दावा किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
-
मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल में भीषण आग लगने से 5 मरीजों की मौत
मुजफ्फरपुर स्थित एक निजी अस्पताल में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग झुलस गए. हादसा रात करीब 3 बजे हुआ. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसके बाद ICU में लगे एयर कंडीशनर में विस्फोट होने से आग तेजी से फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों का आरोप है कि हादसे के दौरान अस्पताल का स्टाफ मौके से गायब हो गया था. कई परिजन अपने मरीजों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की मदद से अस्पताल से बाहर निकालते नजर आए.
वहीं हादसे के बाद प्रशासन ने अस्पताल के संचालक डॉ. उपेंद्र प्रसाद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए हैं. वहीं, कुछ मरीजों के लापता होने की खबरों के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया. परिजनों की मांग है कि मरीजों का पता लगाया जाए. हालांकि, पुलिस और प्रशासन का कहना है कि संबंधित मरीजों को अन्य अस्पतालों में स्थानांतरित कर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है. उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. वहीं, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से जब हादसे को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. बाद में उन्होंने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई.
-
PMCH के ऑपरेशन थिएटर में AC में लगी आग
पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) के राजेंद्र सर्जिकल ब्लॉक (RSB) में बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया. ब्लॉक की दूसरी मंजिल पर स्थित एक ऑपरेशन थिएटर (OT) में एयर कंडीशनर (AC) में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई, जिससे आसपास के क्षेत्र में धुआं फैल गया और कुछ समय के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई. घटना राजेंद्र सर्जिकल ब्लॉक के दूसरे तल पर स्थित OT-3 में हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑपरेशन थिएटर में लगे AC से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ, जो देखते ही देखते पूरे परिसर में फैल गया. धुआं फैलने से वहां मौजूद मरीजों, चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच कुछ देर के लिए चिंता का माहौल बन गया. हालांकि, अस्पताल प्रशासन, कर्मचारियों और तकनीकी टीम की तत्परता से स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया. आग पर शुरुआती स्तर पर ही काबू पा लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है.
-
बिहार के सभी पुलों का होगा सुरक्षा ऑडिट
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के सभी पुलों का नियमित निरीक्षण और सुरक्षा ऑडिट कराने का निर्देश दिया है. पटना में पथ निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क चौड़ीकरण योजनाओं को तेज गति से पूरा करने पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे.
-
बिहार में उर्वरकों की कोई कमी नहीं: कृषि मंत्री
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि राज्य में यूरिया सहित सभी प्रमुख उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है. उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्य में लाखों मीट्रिक टन यूरिया, डीएपी, एनपीके और एसएसपी उपलब्ध हैं, जो किसानों की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त हैं. उन्होंने कहा कि खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए विशेष उड़नदस्ता टीमों का गठन किया गया है और लगातार कार्रवाई की जा रही है.
-
रोजगार मेले से 10,882 युवाओं को मिला रोजगार
युवा रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने बताया कि मई महीने में आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से 10,882 युवाओं को रोजगार मिला है. उन्होंने कहा कि जुलाई तक 20,000 और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. दरभंगा, खगड़िया और मोतिहारी समेत कई जिलों में रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है, जहां विभिन्न निजी कंपनियां युवाओं को नौकरी के अवसर प्रदान कर रही हैं.
-
बिहार में 18 से 20 जून के बीच पहुंचेगा मानसून
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है. मौसम विभाग के अनुसार मानसून 18 से 20 जून के बीच पूर्णिया और किशनगंज के रास्ते बिहार में प्रवेश कर सकता है. यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो 25 जून तक पूरे राज्य में मानसूनी बारिश शुरू होने की संभावना है. इससे किसानों और आम लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
-
राज्य में गर्मी का कहर जारी
राज्य में भीषण गर्मी का दौर जारी है. पिछले 24 घंटों में बक्सर 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म जिला रहा, जबकि पटना का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि की संभावना जताई है. हालांकि कुछ जिलों में हल्की बारिश और वज्रपात की भी संभावना है.
-
महिला क्रिकेट प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम जारी
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए अंडर-23, अंडर-19 और अंडर-15 वर्ग की टी-20 एवं वनडे प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है. प्रतियोगिताएं 8 जून से शुरू होंगी और पटना, भागलपुर तथा सोनपुर में आयोजित की जाएंगी.