Bihar ki Dinbhar ki khabar : बिहार की खबरों के लिए आज पटना सुर्खियों में रहा, जहां मंगलवार देर रात खान सर की कोचिंग संस्था ग्लोबल स्टडीज पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. इसके साथ बिहार कैबिनेट ने बड़ा फैसला करते हुए मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष की सीमा बढ़ाते हुए 2.5 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दिया है.पढ़िए आज दिन भर की दूसरी बड़ी खबरें(Bihar news Today)…
-
ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर पर हमले में 3 गिरफ्तार
पटना में मंगलवार देर रात खान सर की कोचिंग संस्था ग्लोबल स्टडीज पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग कोचिंग परिसर में गार्ड के साथ मारपीट करते और हंगामा करते नजर आ रहे हैं. इस दौरान ईंट-पत्थर चलाने तथा पोस्टर फाड़ने की भी बात सामने आई है. पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रोशन आनंद समेत उनके दो सहयोगियों अभिषेक और गौरव को गिरफ्तार किया है. टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है. वहीं इस घटना के बाद बिहार शिक्षा विभाग ने राज्य में कोचिंग संस्थानों के लिए नई कोचिंग नीति लाने की घोषणा की है. विभाग के अनुसार, अगले तीन महीनों के भीतर नीति का मसौदा तैयार किया जाएगा. इसके तहत सभी कोचिंग संस्थानों के लिए एक मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट लागू करने की योजना है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और संस्थानों के संचालन में पारदर्शिता सुनिश्चित हो.
-
जानबूझकर बनाया जा रहा निशाना : रोशन आनंद
पटना में खान सर की कोचिंग संस्था पर हुए हमले के मामले में गिरफ्तार ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रोशन आनंद ने कोर्ट ले जाए जाने के दौरान अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने पूरे मामले को एक साजिश करार देते हुए खुद पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है. मीडिया से बातचीत में रोशन आनंद ने कहा कि उन्हें और उनकी कोचिंग संस्था को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है. उनका आरोप है कि पूरे घटनाक्रम के पीछे एक सुनियोजित साजिश है, जिसका उद्देश्य उन्हें कानूनी परेशानी में डालना और उनकी कोचिंग की छवि को नुकसान पहुंचाना है. रोशन आनंद ने दावा किया कि इस मामले में उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ बनाई गई कहानी का मकसद ज्ञान बिंदु कोचिंग को नुकसान पहुंचाना है.
-
राबड़ी आवास विवाद में तेजप्रताप की एंट्री
राबड़ी आवास खाली करने के नोटिस को लेकर सियासी विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने पहले कहा था कि वह बंगला खाली नहीं करेंगी और यदि सरकार चाहती है तो बल प्रयोग कराकर खाली करवा सकती है. इस पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकारी बंगला हर हाल में खाली कराया जाएगा. अब इस विवाद में राजद नेता तेज प्रताप यादव भी कूद पड़े हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए दावा किया कि आने वाले 6 से 9 महीनों के भीतर उन्हें मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ सकता है. तेज प्रताप यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री पद की गरिमा का सम्मान होना चाहिए, लेकिन सम्राट चौधरी अपने पद की मर्यादा बनाए रखने में असफल साबित हो रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि उम्र में बड़े होने के बावजूद मुख्यमंत्री को अपने पद के अनुरूप भाषा और व्यवहार अपनाना चाहिए.
-
खगड़िया–पूर्णिया फोरलेन परियोजना को मिली मंजूरी
केंद्र सरकार ने बिहार के लिए एक महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजना को मंजूरी देते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-31 और एनएच-231 के खगड़िया–पूर्णिया खंड को फोरलेन में अपग्रेड करने का निर्णय लिया है. वहीं राज्य मंत्रिमंडल ने मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष की आय सीमा बढ़ाने समेत कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में खगड़िया–पूर्णिया खंड के उन्नयन को मंजूरी दी गई. केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि लगभग 144 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को फोरलेन में विकसित किया जाएगा. परियोजना पर करीब 3,936 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसके तहत वर्तमान दो-लेन सड़क को आधुनिक, उच्च गति और नियंत्रित प्रवेश वाले कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा. पूर्णिया शहर में एक ग्रीनफील्ड बाइपास का भी निर्माण होगा, जिससे यातायात सुगम होगा और उत्तर-पूर्वी राज्यों से संपर्क मजबूत होगा. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस मंजूरी के लिए केंद्र सरकार का आभार जताते हुए कहा कि इससे सीमांचल और कोसी क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी.
-
मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष की आय सीमा बढ़ी
बिहार मंत्रिमंडल ने मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष के लाभार्थियों के लिए वार्षिक आय सीमा को 2.5 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दिया है. कैबिनेट की बैठक के बाद अधिकारियों ने बताया कि इस निर्णय से अधिक संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को इलाज के लिए वित्तीय सहायता मिल सकेगी. सरकार का मानना है कि आय सीमा बढ़ने से योजना का लाभ व्यापक स्तर पर जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचेगा.इसके अलावा मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के क्रियान्वयन के लिए 164 करोड़ रुपये से अधिक की राशि तथा भोजपुर जिले में एकीकृत एक्वा पार्क की स्थापना को भी मंजूरी दी.
-
जुलाई में जारी होगा टीआरई-4 भर्ती विज्ञापन
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने घोषणा की है कि शिक्षक नियुक्ति परीक्षा (टीआरई-4) के लिए विज्ञापन जुलाई महीने में जारी किया जाएगा. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने अगले पांच वर्षों में एक लाख शिक्षकों की नियुक्ति का लक्ष्य निर्धारित किया है. इसके तहत हर वर्ष न्यूनतम 20 हजार शिक्षकों की बहाली की जाएगी. शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि राज्य के मदरसों और संस्कृत विद्यालयों की स्थलीय जांच कराई जाएगी. निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है.
-
रोहतास की तिलक पंचायत को राष्ट्रीय सम्मान
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार समारोह में बिहार के रोहतास जिले की तिलक पंचायत को नानाजी देशमुख सर्वोत्तम पंचायत सतत विकास पुरस्कार के तहत सम्मानित किया गया. यह पुरस्कार ग्रामीण विकास, सुशासन, जनभागीदारी, स्वच्छता, डिजिटल सेवाओं और सतत विकास लक्ष्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए दिया जाता है. पंचायत की मुखिया अनीता टोप्पो ने यह सम्मान ग्रहण किया. केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री राजीव रंजन सिंह ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में पंचायतों की महत्वपूर्ण भूमिका है और ग्रामीण क्षेत्रों को सशक्त बनाए बिना देश का समग्र विकास संभव नहीं है.
-
भीषण गर्मी की चपेट में बिहार
राज्य के अधिकांश हिस्से इन दिनों भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में बक्सर 40.6 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि पटना का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम वैज्ञानिकों ने अगले दो से तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि की संभावना जताई है. हालांकि उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा हो सकती है.