Bihar news Today : कंगन विवाद को लेकर बिहार में सियासत..वायुसेना विमान हादसा में बिहार के जवान की मौत

Bihar ki Dinbhar ki khabar : JDU ने लालू यादव के जन्मदिन पर सिंगर छोटू छलिया को राबड़ी देवी के दिए गए कंगन को लेकर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) को लेटर लिखकर जांच की मांग की है. वहीं आज असम के जोराहाट में भारतीय वायुसेना का एएन-32 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे में पांच जवानों की मौत हो गई. पढ़िए आज की दूसरी बड़ी खबरें(Bihar news Today)…

  • उद्योग, निवेश और विकास पर सरकार का जोर

बिहार सरकार ने राज्य में उद्योग, निवेश, रोजगार और आधारभूत संरचना के विस्तार को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक बार फिर दोहराया कि राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए उद्योगों को 30 दिनों के भीतर आवश्यक मंजूरी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है. मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में 12 नए टाउनशिप विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें बड़े स्तर पर निवेश की संभावना है. उन्होंने कहा कि बिजली, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से औद्योगिक विकास को गति मिलेगी. सरकार कानून व्यवस्था को भी विकास की महत्वपूर्ण शर्त मानते हुए अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान दे रही है.

  • शिक्षक पात्रता परीक्षा पर सुप्रीम कोर्ट का आदेश

सर्वोच्च न्यायालय ने सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पास करना अनिवार्य बताया है. इसके लिए अंतिम समय सीमा 31 अगस्त 2028 निर्धारित की गई है. बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि सरकार सुप्रीम कोर्ट के आदेश का अध्ययन कर रही है और इसके अनुपालन के लिए आगे की रणनीति तैयार की जाएगी.

  • उपेंद्र कुशवाहा बने राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष

उपेंद्र कुशवाहा को राष्ट्रीय लोक मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्विरोध चुना गया है. नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में इसकी घोषणा की गई. कुशवाहा ने कहा कि पार्टी का विस्तार उनकी प्राथमिकता होगी. उन्होंने यह भी कहा कि दीपक प्रकाश अपने पूरे कार्यकाल तक मंत्री बने रहेंगे.

  • बिहार की आर्थिक स्थिति पर सियासी बयानबाजी

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के बिहार की आर्थिक स्थिति को लेकर दिए गए बयान पर एनडीए नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है. केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से विकास कार्य जारी हैं. विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने भी वित्तीय प्रबंधन को मजबूत बताते हुए विपक्ष के आरोपों को खारिज किया.

  • वायुसेना विमान हादसा में पांच जवानों की मौत

असम के जोराहाट में भारतीय वायुसेना का एएन-32 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे में पांच जवानों की मौत हो गई. मृतकों में भोजपुर जिले के कायम नगर निवासी अग्निवीर वायु दानिश आलम भी शामिल हैं. 22 वर्षीय दानिश वर्ष 2025 में वायुसेना में शामिल हुए थे. वायुसेना ने दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए समिति गठित करने की जानकारी दी है.

  • कंगन विवाद को लेकर बिहार की सियासत गरम

आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन समारोह में सिंगर छोटू छलिया को राबड़ी देवी की ओर से दिए गए कंगन को लेकर बिहार की राजनीति में विवाद तेज हो गया है. इस मामले को लेकर जेडीयू ने आर्थिक अपराध इकाई (EOU) को पत्र लिखकर जांच की मांग की है. जेडीयू ने आरोप लगाया है कि कंगन की कीमत और उसके स्रोत की जांच होनी चाहिए. इससे पहले भी पार्टी की ओर से इस मुद्दे को उठाया गया था. वहीं, आरजेडी एमएलसी और राबड़ी देवी के मुंहबोले भाई सुनील सिंह ने विवाद पर सफाई देते हुए कहा कि राबड़ी देवी कभी डायमंड ज्वेलरी नहीं पहनती हैं. उन्होंने कंगन को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को खारिज किया.

  • बिस्कोमान भवन में आग से कार्यालय को नुकसान

पटना स्थित बिस्कोमान भवन की 13वीं मंजिल पर शनिवार सुबह करीब 4 बजे आग लग गई. उस समय बिल्डिंग में मौजूद गार्ड ने धुआं फैलते देखा और बाहर निकलकर 13वें फ्लोर की खिड़कियों से आग की लपटें दिखाई दीं. गार्ड ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी. कुछ ही देर में दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. ऊंचाई अधिक होने के कारण आग बुझाने में शुरुआती परेशानी आई, जिसके बाद हाइड्रोलिक गाड़ियों की मदद ली गई. अग्निशमन विभाग की टीम ने करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. आग से बेल्ट्रॉन कार्यालय प्रभावित हुआ है. कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेजों के जलने की जानकारी सामने आई है.

  • बिस्कोमान भवन में आग पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

इस आग की घटना पर कांग्रेस नेता आसित नाथ तिवारी ने आरोप लगाया कि बेल्ट्रॉन कार्यालय में लगी आग के पीछे टेंडर से जुड़े मामलों के सबूत नष्ट करने की साजिश हो सकती है. उन्होंने दावा किया कि आग लगने से टेंडर प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज प्रभावित हुए हैं और मामले की जांच होनी चाहिए. हालांकि, आग लगने के कारणों की आधिकारिक जांच जारी है. हालांकि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है. अग्निशमन विभाग ने बताया कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है.

  • बिहार में भारी बारिश का अलर्ट

मानसून के सक्रिय होने के साथ बिहार के कई हिस्सों में बारिश जारी है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में पटना, औरंगाबाद, बेगूसराय, नालंदा और शेखपुरा समेत 14 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. कुछ जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई गई है.