Bihar news Today : दीपक प्रकाश को लेकर SC का सरकार को नोटिस…राज्य के सभी प्रखंडों में मॉडल स्कूल खोलेगी बिहार सरकार

Bihar ki Dinbhar ki khabar : बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश की नियुक्ति को लेकर दायर जनहित याचिका (PIL) पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान उनके मंत्री होने पर दीपक प्रकाश, बिहार सरकार और चुनाव आयोग को नोटिस भेजा है. पढ़िए आज दिनभर की बड़ी खबरें(Bihar news Today)…

  • राज्य के सभी प्रखंडों में स्थापित किए जाएंगे मॉडल स्कूल

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि राज्य के सभी प्रखंडों में मॉडल स्कूल स्थापित किए जाएंगे, जहां छात्रों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी. गया जिले के खिजरसराय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन स्कूलों में ऐसी व्यवस्था विकसित की जाएगी जिससे छात्रों को निजी कोचिंग संस्थानों पर निर्भर रहने की जरूरत न पड़े. मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन प्रखंडों में डिग्री कॉलेज नहीं हैं, वहां नए कॉलेज खोले जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि राज्य में 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने की प्रक्रिया चल रही है. इसके साथ ही मॉडल स्कूलों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि बिहार के छात्रों को राज्य में ही उच्च स्तरीय शिक्षा और प्रशिक्षण की सुविधा मिले.

  • जीविका दीदियों को मिलेगा आर्थिक सहयोग

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि अगले महीने प्रधानमंत्री या केंद्रीय गृह मंत्री की मौजूदगी में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत जीविका दीदियों को आर्थिक सहायता राशि वितरित की जाएगी. उन्होंने कहा कि पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सहायता राशि भेजी जाएगी. जो महिलाएं बेहतर काम कर रही हैं, उन्हें अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी देने की योजना है.

  • गया में 170 करोड़ की लागत से बनेगा प्रौद्योगिकी केंद्र

गया के खिजरसराय में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी ने संयुक्त रूप से प्रौद्योगिकी केंद्र की आधारशिला रखी. करीब 20 एकड़ क्षेत्र में 170 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस केंद्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और सीएनसी मशीनिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा. इस केंद्र से हर साल करीब 7000 युवाओं को कौशल विकास से जोड़ने और 1000 से अधिक एमएसएमई इकाइयों को तकनीकी सहायता देने का लक्ष्य रखा गया है.

  • मत्स्य क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए नई पहल

मुख्यमंत्री ने पटना के मीठापुर स्थित मत्स्य विकास भवन में राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय का शुभारंभ किया. सरकार के अनुसार इससे राज्य में मत्स्य उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन को बढ़ावा मिलेगा. वहीं भोजपुर जिले के वाणासुर में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क की आधारशिला भी रखी गई.

  • भूमिहीन परिवारों के लिए अभियान बसेरा-2 शुरू

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने अभियान बसेरा के दूसरे चरण की शुरुआत की है. यह अभियान 21 जून तक चलेगा. इसका उद्देश्य भूमिहीन परिवारों को वास भूमि का अधिकार उपलब्ध कराना और पात्र परिवारों को बंदोबस्ती प्रमाण पत्र देना है.

  • 18 जून तक लगेंगे जनकल्याण शिविर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बिहार के सभी प्रखंडों में प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर लगाए जाएंगे. इन शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएम सूर्य घर योजना सहित कई सरकारी योजनाओं की सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी. लाभार्थियों से अपील की गई है कि वे आधार कार्ड, बैंक पासबुक, राशन कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज साथ लेकर शिविर में पहुंचे.

  • दीपक प्रकाश की नियुक्ति मामले में सुप्रीम कोर्ट का नोटिस

सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार में मंत्री दीपक प्रकाश की दोबारा नियुक्ति को चुनौती देने वाली याचिका पर बिहार सरकार, दीपक प्रकाश और निर्वाचन आयोग से जवाब मांगा है. मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति बी. मोहना की पीठ ने सामाजिक कार्यकर्ता राकेश कुमार सिंह की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया. याचिका में दावा किया गया है कि दीपक प्रकाश विधानसभा या विधान परिषद के सदस्य नहीं हैं और मंत्री पद पर उनकी नियुक्ति संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप नहीं है.

  • खान सर और आरएस प्रसाद पर रौशन आनंद के भाई प्रिंस की हत्या का आरोप

ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद ने शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर और किसान कोल्ड स्टोर के मालिक आरएस प्रसाद पर गंभीर आरोप लगाए हैं. रौशन आनंद ने दावा किया है कि उनके भाई प्रिंस की हत्या कथित साजिश के तहत कराई गई है. सोमवार को पटना सिविल कोर्ट से जमानत मिलने के बाद बेऊर जेल से बाहर आए रौशन आनंद ने मीडिया से बातचीत में कहा कि खान सर और आरएस प्रसाद ने मिलकर उनके भाई की हत्या करवाई है.

  • पटना हाईकोर्ट में सात नए न्यायाधीशों ने ली शपथ

पटना हाईकोर्ट के शताब्दी हॉल में आयोजित समारोह में सात नए न्यायाधीशों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई. इसके बाद पटना हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 44 हो गई है.

  • बिहार के कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना

मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट जारी किया है. भागलपुर, कटिहार, किशनगंज और पूर्णिया जिले में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं कई जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी दी गई है. पिछले 24 घंटे में कटिहार के प्राणपुर में सबसे अधिक 84.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. वहीं भीषण गर्मी को देखते हुए पटना और रोहतास जिला प्रशासन ने कक्षा पांच तक के स्कूलों को 20 जून तक बंद रखने का निर्णय लिया है. वहीं कक्षा 6 से 8 तक की पढ़ाई सुबह 10:30 बजे तक संचालित होगी.