Bihar ki Dinbhar ki khabar : बिहार से आज की सबसे बड़ी खबर है, मध्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूर्व मध्य रेलवे का 30 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय, इसके साथ, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने अपना सरकारी आवास खाली करने को लेकर सरकार से एक महीने का समय मांगा है. पढ़िए आज की बड़ी खबरें (Bihar news Today)…
-
बिहार के 534 प्रखंडों में शुरू हुआ सहयोग-सहजन कल्याण शिविर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बिहार के सभी 534 प्रखंडों में आज से तीन दिवसीय सहयोग-सहजन कल्याण शिविर की शुरुआत हुई. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कैमूर और सिवान जिले में आयोजित शिविरों में भाग लिया और आम लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं. कैमूर जिले के भगवानपुर प्रखंड की पड़िया पंचायत में आयोजित शिविर को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने बताया कि पिछले एक महीने में सहयोग शिविरों के माध्यम से 33,678 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से करीब 90 प्रतिशत यानी 26 हजार से अधिक आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की शिकायतों के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि तय समय सीमा में कार्रवाई नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नोटिस और कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई जाएगी.
-
बिहार में अपराधियों को मुख्यमंत्री की चेतावनी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपराधियों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि बिहार में रहकर अपराध करना किसी चुनौती से कम नहीं होगा. उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस त्वरित कार्रवाई करेगी और राज्य में कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. इससे पहले मुख्यमंत्री ने मां मुंडेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना की. उन्होंने कैमूर में लगभग 196 करोड़ रुपये की लागत वाली 60 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. उन्होंने मां मुंडेश्वरी धाम में रोपवे निर्माण और क्षेत्रीय विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने की बात कही.
-
मध्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए 30 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा पूर्व मध्य रेलवे
बिहार में चल रही मध्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूर्व मध्य रेलवे ने 30 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है. परीक्षा में करीब 5.5 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार पटना, पाटलिपुत्र सहित कई प्रमुख स्टेशनों से अलग-अलग रूटों पर विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा, जिससे परीक्षार्थियों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी.
-
राबड़ी देवी ने आवास खाली करने के लिए मांगा एक महीने का समय
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने सरकारी आवास खाली करने के लिए राज्य सरकार से एक महीने का अतिरिक्त समय मांगा है. इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर अपनी स्थिति से अवगत कराया है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार राबड़ी देवी को आवंटित नया सरकारी आवास 39 हार्डिंग रोड में अभी कुछ निर्माण और मरम्मत का काम बाकी है. उन्होंने पत्र में बताया है कि बंगले के किचन, हॉल समेत कई हिस्सों का काम अभी पूरा नहीं हुआ है. काम पूरा होने के बाद वह नए आवास में शिफ्ट हो जाएंगी. राबड़ी देवी ने पत्र में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की सेहत का भी हवाला दिया है. उन्होंने कहा है कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए पुराने आवास को खाली करने के लिए उन्हें एक महीने का अतिरिक्त समय दिया जाए. बता दें कि बिहार सरकार ने राबड़ी देवी को आवंटित 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगला खाली करने का आदेश दिया है. इसके बदले उन्हें 39 हार्डिंग रोड का आवास आवंटित किया गया है. हालांकि, आवास खाली करने की निर्धारित समय सीमा पूरी हो चुकी है. इस मामले को लेकर लालू परिवार ने सरकार के फैसले का विरोध भी जताया है.
-
IAS संजीव हंस को अग्रिम जमानत नहीं, 24 जून को होगी अगली सुनवाई
बिहार के चर्चित टेंडर घोटाला मामले में IAS अधिकारी संजीव हंस को राहत नहीं मिली है. गिरफ्तारी से बचने के लिए दाखिल की गई उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर मंगलवार को निगरानी की विशेष अदालत में सुनवाई हुई. कोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान विशेष निगरानी इकाई (SVU) से केस डायरी मांगी है. अब इस मामले में अगली सुनवाई 24 जून को होगी. वहीं, न्यायिक हिरासत में पटना के बेऊर जेल में बंद तारिणी दास की जमानत याचिका पर भी सुनवाई हुई. कोर्ट ने दोनों मामलों में आगे की प्रक्रिया के लिए रिकॉर्ड मांगे हैं. इधर, SVU ने टेंडर घोटाले के कथित मास्टरमाइंड रिशु श्री से पूछताछ के लिए सात दिनों की रिमांड मांगी थी. अदालत ने SVU की मांग पर पांच दिनों की रिमांड मंजूर कर दी है. अब जांच एजेंसी रिशु श्री से मामले से जुड़े बिंदुओं पर पूछताछ करेगी.
-
बिहार के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान बिहार के भागलपुर, कटिहार, किशनगंज और पूर्णिया जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है. कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने की भी चेतावनी जारी की गई है. राज्य के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता कम होने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. पिछले 24 घंटों में कैमूर का भभुआ 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म स्थान रहा.