बिहार के इस पत्रकार को मिलेगा पद्म पुरस्कार, जानिए कौन हैं भीम सिंह भावेश

पटना। बिहार के भोजपुर जिले के समाजसेवी और पत्रकार डॉ. भीम सिंह भवेश(bhim singh bhavesh) को उनकी सामाजिक सेवा के लिए पद्मश्री सम्मान से नवाजा जाएगा. इस सम्मान की घोषणा गणतंत्र दिवस से पहले की गई है. डॉ. भवेश फिलहाल दिल्ली में हैं, जहां वे 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी 2024 में अपने मन की बात कार्यक्रम में उनके कार्यों की सराहना की थी.

कौन हैं bhim singh bhavesh

डॉ. भीम सिंह भवेश (bhim singh bhavesh) पिछले दो दशकों से बिहार के मुसहर समुदाय के बच्चों की शिक्षा और सामाजिक उत्थान के लिए कार्यरत हैं. उनके द्वारा किए गए कार्यों से मुसहर समुदाय के बच्चों को शिक्षा का अवसर मिला है, जिससे इस वंचित समुदाय की जिंदगी में सुधार आया है.

डॉ. भवेश ने भोजपुर और बक्सर जिले में मुसहर समुदाय के बच्चों के लिए कई पहल की हैं. उन्होंने हजारों बच्चों का स्कूलों में दाखिला कराया है और एक पुस्तकालय भी स्थापित किया है, जहां बच्चे आसानी से पढ़ाई कर सकते हैं. इसके अलावा, इस पुस्तकालय से 150 से अधिक बच्चों को राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति का वजीफा मिल रहा है.

मुशहर के मसीहा की उपाधि

उनके (bhim singh bhavesh) सामाजिक कार्यों में शिक्षा के अलावा कई अन्य पहल भी शामिल हैं. डॉ. भवेश ने लगभग सौ अनाथ बच्चों की परवरिश की व्यवस्था की और उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यकताओं का ध्यान रखा. इसके साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सौ से अधिक मेडिकल कैंप भी लगाए. कोरोना महामारी के दौरान भी वे लोगों की मदद में सक्रिय रहे.

इस सम्मान की घोषणा के बाद, डॉ. भवेश को जिले भर से बधाइयां मिल रही हैं. उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण के कारण उन्हें यह सम्मान दिया जा रहा है, जो न केवल मुसहर समुदाय के लिए, बल्कि समाज के सभी वंचित वर्गों के लिए एक प्रेरणा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *