पटना। संसद परिसर में शुक्रवार को बिहार के 30 सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) से मुलाकात की. इस विशेष मौके पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के सांसदों सहित लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता भी शामिल रहे. दरभंगा से सांसद गोपाल ठाकुर ने प्रधानमंत्री को मिथिला की पारंपरिक पहचान पाग पहनाकर सम्मानित किया और माला अर्पित की.
प्रधानमंत्री मोदी (Narendra Modi )को इस मौके पर मिथिला पेंटिंग, मखाना और फूलों का गुलदस्ता भी भेंट किया गया, जिसे उन्होंने प्रसन्नतापूर्वक स्वीकार किया. वहीं, जेडीयू के वरिष्ठ नेता और सांसद ललन सिंह ने प्रधानमंत्री को एक पुस्तक भेंट की. इस मुलाकात में जेडीयू नेता संजय झा, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान सहित अन्य सांसद भी उपस्थित रहे.
राजनीतिक गलियारों में गूंज रही है बैठक की चर्चा
प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान सांसदों के चेहरे पर खुशी स्पष्ट रूप से देखी गई. वर्तमान में संसद का बजट सत्र चल रहा है, ऐसे में बिहार के सांसदों की प्रधानमंत्री से मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है. इस बार के केंद्रीय बजट में बिहार के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ की गई हैं, जिनमें मखाना बोर्ड की स्थापना, कोसी नहर परियोजना के उद्धार के लिए सहायता और पटना एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर किए गए बड़े ऐलान शामिल हैं.
बजट सत्र में मिथिला की विशेष पहचान
एक फरवरी को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट पेश करते समय मधुबनी पेंटिंग से सजी मिथिला साड़ी पहनी थी. इस साड़ी को प्रसिद्ध मधुबनी कलाकार दुलारी देवी ने तैयार किया था, जिनकी कलाकृतियाँ देश-विदेश में सराही जाती हैं. यह साड़ी और मिथिला कला को बजट सत्र में विशेष स्थान मिलने के कारण बिहार में इसकी खूब चर्चा हो रही है.
Narendra Modi की पिछली बिहार यात्रा भी रही थी खास
इससे पहले 13 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र (Narendra Modi ) मोदी बिहार के दरभंगा पहुंचे थे, जहाँ उन्होंने प्रदेश को 12,100 करोड़ रुपये की सौगात दी थी. इस दौरान उन्होंने दरभंगा में बनने वाले अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का शिलान्यास भी किया था. बिहार के सांसदों के साथ प्रधानमंत्री की यह मुलाकात आगामी लोकसभा चुनावों की रणनीति और राज्य के विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण मानी जा रही है.