Bihar Election : बिहार में चुनावी सरगर्मी तेज, जानिए कितना कारगर साबित होगा सत्ता के दंगल में यात्रा वाला दांव

पटना। बिहार में साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों (Bihar Election) की तैयारियां जोरों पर हैं. सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपनी-अपनी रणनीतियों के तहत अभियान में जुट गए हैं. राज्य की राजनीति इस समय पूरी तरह से गर्म है, जहां आरजेडी से लेकर बीजेपी और जेडीयू तक, सभी दल अपने नेताओं को बिहार के कोने-कोने में भेज रहे हैं. महागठबंधन और एनडीए के बीच चुनावी टकराव चरम पर पहुंच रहा है.

Bihar Election : राजनीतिक यात्राओं का दौर जारी

राज्य की राजनीति में इस समय यात्राओं का दौर देखने को मिल रहा है. आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पूरे बिहार का दौरा कर रहे हैं और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं और जनता से संवाद कर रहे हैं. उनका मकसद पार्टी को मजबूत करना और सरकार विरोधी माहौल बनाना है. इसी कड़ी में सीपीआई (एमएल) के नेता भी अपने-अपने प्रभाव क्षेत्रों में सक्रिय हैं.

विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी निषाद आरक्षण यात्रा निकाल रहे हैं और अपनी पार्टी के समर्थन को मजबूत करने में जुटे हुए हैं. दूसरी ओर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी अपनी ‘प्रगति यात्रा’ के जरिए जनता की नब्ज टटोल रहे हैं. इस यात्रा के दौरान वह अलग-अलग जिलों में जाकर योजनाओं की समीक्षा कर रहे हैं और नए विकास कार्यों का ऐलान कर रहे हैं.

बीजेपी भी पूरी ताकत के साथ चुनावी अभियान में जुट गई है. केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता गिरिराज सिंह ने हाल ही में ‘हिंदू स्वाभिमान यात्रा’ निकाली, जो पार्टी के कोर एजेंडे को आगे बढ़ाने की कोशिश बताई जा रही है. हालांकि, महागठबंधन की तुलना में एनडीए के भीतर अधिक संगठित चुनावी अभियान देखा जा रहा है. महागठबंधन का मुख्य उद्देश्य एनडीए को सत्ता से दूर रखना है, लेकिन अभी तक वे एक सशक्त साझा रणनीति बनाने में सफल नहीं दिख रहे हैं.

पीएम मोदी का बिहार दौरा और नीतीश कुमार की घोषणाएं

राजनीतिक हलचल (Bihar Election) के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 फरवरी को बिहार के भागलपुर दौरे पर आ रहे हैं. इस दौरे के दौरान वे कई योजनाओं की घोषणा कर सकते हैं. इससे पहले, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 16 फरवरी को दिल्ली दौरे पर जाएंगे, जहां उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात होने की संभावना है.

नीतीश कुमार अपनी ‘प्रगति यात्रा’ के दौरान कई नई योजनाओं की घोषणा कर चुके हैं. हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में 13,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई, जिससे सड़क, पुल और भवन निर्माण कार्यों को गति मिलेगी. इस कदम को चुनावी मौसम में मतदाताओं को लुभाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है.

Bihar Election : तेजस्वी यादव को सीएम बनाने पर लालू की मुहर

महागठबंधन में मुख्यमंत्री पद को लेकर भी हलचल तेज हो गई है. आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने हाल ही में एक बयान दिया कि बिहार में आरजेडी प्रचंड बहुमत हासिल करेगी और तेजस्वी यादव राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे. उनके इस बयान से यह स्पष्ट हो गया है कि महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ही होंगे.

डिप्टी सीएम के पद को लेकर भी चर्चा जारी है. लोकसभा चुनाव के दौरान ही तेजस्वी यादव ने मुकेश सहनी को डिप्टी सीएम पद देने का वादा किया था. अब निषाद आरक्षण यात्रा के दौरान मुकेश सहनी खुद को डिप्टी सीएम के रूप में पेश कर रहे हैं, जिससे यह साफ होता है कि महागठबंधन में अंदरखाने सहमति बन रही है.

बिहार का चुनावी दंगल: कौन किस पर भारी?

बिहार की राजनीति(Bihar Election) इस बार कई दिलचस्प मोड़ों से गुजर रही है. एनडीए और महागठबंधन के बीच सीधी टक्कर देखने को मिलेगी. जहां एक ओर बीजेपी और जेडीयू का गठबंधन संगठित दिख रहा है, वहीं महागठबंधन में अभी भी एकजुटता और साझा रणनीति की कमी नजर आ रही है. आरजेडी, कांग्रेस, सीपीआई (एमएल) और वीआईपी के नेताओं की सक्रियता बढ़ गई है, लेकिन वे अब तक एक ठोस चुनावी एजेंडा नहीं बना पाए हैं.

एनडीए की ओर से प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की सक्रियता, भाजपा-जेडीयू के आपसी तालमेल और योजनाओं की घोषणाएं एक मजबूत रणनीति का संकेत देती हैं. वहीं, महागठबंधन के पास तेजस्वी यादव का युवा नेतृत्व और लालू यादव का राजनीतिक अनुभव है. आने वाले महीनों में बिहार की राजनीति और भी गर्म होगी और यह देखना दिलचस्प होगा कि कौन किस पर भारी पड़ता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *