symbol of political parties of bihar : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियां अब अंतिम दौर में प्रवेश कर चुकी हैं। भारत निर्वाचन आयोग ने सभी मान्यता प्राप्त और पंजीकृत राजनीतिक दलों को उनके चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए हैं। इस सूची कीमें एक नया नाम शामिल हुआ है,प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी, जिसे आयोग ने ‘स्कूल बैग’ चुनाव चिह्न के रूप में अलॉट किया है।
जनसुराज को मिला स्थायी चुनाव चिह्न
प्रशांत किशोर की अगुआई वाली जनसुराज पार्टी ने साल 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग में पंजीकरण करवाया था। इसके बाद बिहार में हुए उपचुनावों में पार्टी ने ‘स्कूल बैग’ चुनाव चिह्न के साथ भाग लिया था। तब यह चिह्न अस्थायी तौर पर अलॉट किया गया था। अब विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी ने इसे ही स्थायी चुनाव चिह्न के रूप में मांग की थी, जिसे निर्वाचन आयोग ने मान लिया है।
प्रशांत किशोर इन दिनों बिहार के विभिन्न जिलों में जन संवाद यात्रा पर हैं और मतदाताओं के बीच अपनी पार्टी के एजेंडे को ले जा रहे हैं। स्कूल बैग जैसे प्रतीक को युवा मतदाताओं और शिक्षा के मुद्दे से जोड़कर देखा जा रहा है, जो जनसुराज के मुख्य एजेंडों में शामिल है।
बिहार के राजनीतिक दलों के चुनाव चिह्न क्या है
- भारतीय जनता पार्टी (BJP)- कमल (Lotus)
- जनता दल यूनाइटेड (JDU) -तीर (Arrow)
- लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास)- हेलिकॉप्टर (Helicopter)
- राष्ट्रीय जनता दल (RJD)- लालटेन (Lantern)
- कांग्रेस (INC)- हाथ (Hand)
- हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) -कराही (Frying Pan)
- विकासशील इंसान पार्टी (VIP) -लेडीज पर्स (Ladies’ Purse)
- भाकपा माले (CPI-ML)- तीन तारा (Three Stars)
- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI)- हसुआ-बाली (Sickle-Ear of Paddy)
- सीपीएम (CPM) -हसुआ-हथौड़ी (Sickle-Hammer)
- बहुजन समाज पार्टी (BSP) -हाथी (Elephant)
- AIMIM -पतंग (Kite)
- राष्ट्रीय लोक मोर्चा- सिलेंडर (Gas Cylinder)
- जनसुराज पार्टी -स्कूल बैग (School Bag)
क्या है स्कूल बैग सिंबल का राजनीतिक संदेश?
स्कूल बैग का चुनाव चिह्न शिक्षा, युवा और भविष्य के निर्माण का प्रतीक माना जा रहा है। जनसुराज पार्टी पहले दिन से ही शिक्षा, रोजगार और स्वच्छ राजनीति जैसे मुद्दों को अपनी प्राथमिकता में रखती रही है। ऐसे में यह चुनाव चिह्न पार्टी की विचारधारा और रणनीति के काफी करीब दिखता है।
243 विधानसभा सीटों वाले बिहार में इस बार का चुनाव बेहद रोचक होने वाला है। नए राजनीतिक समीकरण, बदलते मुद्दे और नए चेहरे, सब मिलकर इस चुनाव को पहले से अलग बना रहे हैं। जनसुराज पार्टी के मैदान में उतरने से मुकाबला और भी बहुकोणीय हो गया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि ‘स्कूल बैग’ में जनता कितना भरोसा भरती है और क्या यह सिंबल बिहार की सियासत में कोई नई इबारत लिख पाएगा।