अमित शाह ने सीतामढ़ी में पुनौरा धाम मंदिर के भूमि पूजन के बाद विपक्ष पर कसा तंज

Bihar Politics: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को सीतामढ़ी जिले के पुनौरा धाम मंदिर में भूमि पूजन के बाद आयोजित जनसभा में संबोधित करते हुए विपक्ष पर जोरदार हमला किया। इस दौरान उन्होंने मिथिलांचल की संस्कृति की तारीफ करते हुए कहा कि यह भारतीय संस्कृति का अनन्य गहना है और इसे वैश्विक मंच पर सम्मान मिला है।

मिथिलांचल की कला की सराहना

अमित शाह ने कहा कि मिथिलांचल की संस्कृति हमारे देश की समृद्ध विरासत का अभिन्न हिस्सा है। यहां की कला, संगीत, साहित्य और धर्मशास्त्र का योगदान भारतीय संस्कृति में अतुलनीय है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मिथिलांचल की कला के प्रचार-प्रसार की सराहना करते हुए कहा कि मोदी जी ने दुनियाभर में मिथिला की कला को पहचान दिलाई है, विशेष रूप से अर्जेंटीना और दक्षिण कोरिया में।

सीतामढ़ी के पुनौरा धाम मंदिर में भूमि पूजन के बाद गृह मंत्री ने इसे मिथिलांचल के विकास की एक नई शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि यह मंदिर केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि मिथिलांचल के भाग्योदय की नींव है। यह क्षेत्र एक बार फिर ज्ञान,संस्कृति और धर्म का केंद्र बनेगा।

तेजस्वी यादव और राहुल गांधी पर साधा

इसके बाद उन्होंने विपक्षी दलों, विशेष रूप से राजद नेता तेजस्वी यादव और कांग्रेस के राहुल गांधी पर निशाना साधा। अमित शाह ने तेजस्वी यादव से सवाल किया कि आपके माता-पिता की सरकार ने मिथिलांचल के विकास के लिए क्या किया? क्या आपने यहां के लोगों की सुरक्षा और समृद्धि के लिए कोई ठोस कदम उठाए?” उन्होंने दावा किया कि एनडीए सरकार ने जिस प्रकार से विकास के कार्य किए हैं, वह इतिहास में याद रखे जाएंगे।

गृह मंत्री ने बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण के मुद्दे पर भी आलोचना की और कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी हार का एहसास हो गया है, इसलिए वे इन मुद्दों पर राजनीति कर रहे हैं। ये लोग घुसपैठियों को वोट बैंक के रूप में देखते हैं। अमित शाह ने अंत में यह दावा किया कि इस साल बिहार में होने वाले चुनाव में भी एनडीए की जीत तय है और पार्टी राज्य में फिर से सत्ता में आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *