पहले चरण का शोर खत्म…36 घंटे बाद 121 सीटों पर जनता बताएगी क्या है बिहार का मूड

Bihar Elections 2025 : विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण का चुनाव प्रचार मंगलवार शाम आधिकारिक रूप से थम गया। अब उम्मीदवारों के पास बुधवार को मात्र 24 घंटे का समय रहेगा, जब वे अपने स्थानीय समर्थकों के साथ घर-घर जाकर वोटरों से व्यक्तिगत संपर्क साध सकेंगे और मतदाताओं को लुभाने का आख़िरी प्रयास करेंगे।

पहले चरण में 122 महिला और 1,192 पुरुष सहित कुल 1,314 प्रत्याशी मैदान में हैं. पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान होना है। इस चरण में कुल 3,75,13,302 मतदाता 1314 प्रत्याशियों का भविष्य 6 नवंबर को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) में बंद करेंगे।

पहले चरण के लिए क्या है आयोग की तैयारी

चुनाव आयोग ने इस चरण को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। आयोग ने सभी पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया है कि मतदान केंद्रों पर उत्सव जैसा माहौल बनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक मतदान में भाग लें। आयोग ने मतदान केंद्रों पर मोबाइल जमा सुविधा, नई वीआईएस पर्ची, ECI नेट ऐप के उपयोग को बढ़ावा देने, बूथों से 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग और सटीक मतदान रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पहले चरण के लिए 121 सामान्य, 18 पुलिस और 33 व्यय पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं।

पहले चरण की मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और सकुशल बनाने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। अब निगाहें 6 नवंबर पर टिकी हैं, जब मतदाता लोकतंत्र के इस महापर्व में अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *