NDA & Mahagathbandhan meeting for seat sharing: बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद सियासी गलियारों में हलचल तो तेज हो गई है, लेकिन सत्ताधारी एनडीए और विपक्षी महागठबंधन दोनों ही सीट बंटवारे की गुत्थी सुलझाने में जूझ रहे हैं, लगातार बैठकों के बावजूद कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आ पा रहा हैं.
एनडीए में चिराग पासवान ने अपनी मांगों को लेकर सख्त रुख अपनाया है, और वह 25 से 28 सीटों पर दावेदारी पेश कर रहे हैं. इसके अलावा जीतनराम मांझी भी अपनी पार्टी के लिए ज्यादा सीटों की मांग कर रहे हैं. भाजपा और जेडीयू के बीच बराबर सीटें बांटने का फॉर्मूला तय होने की संभावना है. आज सीएम हाउस में जेडीयू की अहम बैठक बुलाई गई है, जहां गठबंधन की रणनीति पर चर्चा होगी.
दूसरी तरफ महागठबंधन में भी तनाव का माहौल है. कांग्रेस 70 सीटों की मांग कर रही है ल, जबकि विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के मुकेश सहनी 40 सीटों पर अड़े हुए हैं. बुधवार को सीट शेयरिंग की घोषणा करने का ऐलान किया गया था, लेकिन कोई समझौता नहीं हो सका. लेफ्ट पार्टियों के साथ भी मान-मनौवल का दौर जारी है.
इस बीच प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने बड़ी पहल की है. प्रशांत किशोर ने घोषणा की है कि आज 9 अक्टूबर को उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की जाएगी और वह खुद भी चुनाव लड़ेंगे. जन सुराज पार्टी ने 243 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह 100 से 150 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने जा रहे हैं.
6 और 11 नवंबर को दो चरणों में होने वाले इन चुनावों में दोनों गठबंधनों के लिए सीट बंटवारे का मुद्दा सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरा रहा हैं. अगले कुछ दिनों में इस गुत्थी के सुलझने की उम्मीद कर सकते हैं.