Bihar Election Seat Sharing Controversy : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान तेज हो गई है. हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने अपनी पार्टी के लिए 20 से अधिक सीटों की मांग की है. मांझी के रुख ने गठबंधन के भीतर तनाव बढ़ा दिया है.
मांझी ने क्या कहा
मांझी ने मंगलवार को अपने एक्स (X) अकाउंट पर कवि रामधारी सिंह दिनकर की पंक्तियां साझा करते हुए अपनी बात रखी. उन्होंने लिखा कि
“हो न्याय अगर तो आधा दो,
यदि उसमें भी कोई बाधा हो,
तो दे दो केवल 15 ग्राम,
रखो अपनी धरती तमाम,
HAM वही ख़ुशी से खाएंगें,
परिजन पे असी ना उठाएँगे”
इसे एनडीए में सीट बंटवारे पर चल रही खींचतान से जोड़कर देखा जा रहा है.
एनडीए में सीट बंटवारे की बातचीत हुई पेचीदा
इससे पहले मांझी ने बयान दिया था कि उनकी पार्टी किसी तरह की व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा के तहत सीटों की मांग नहीं कर रही है. उन्होंने कहा कि सीटों को लेकर हमारे यहां कोई झगड़ा नहीं है. हम सिर्फ इतनी सीटें चाहते हैं जिससे बिहार विधानसभा में हमारी पार्टी को मान्यता मिल सके. हम मुख्यमंत्री या उपमुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं हैं. हमारी मांग सिर्फ पार्टी की राजनीतिक मान्यता के लिए है. मांझी की मांग और दिनकर की कविता के हवाले ने एनडीए में सीट बंटवारे की बातचीत को और पेचीदा बना दिया है. अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि भाजपा और जदयू मांझी की इस मांग पर क्या रुख अपनाते हैं.