Sharadiya Navratri : आज से शारदीय नवरात्रि का पावन पर्व शुरू हो गया है। देवी दुर्गा के नौ रूपों की पूजा-अर्चना का ये पर्व इस बार विशेष रहने वाला है। दरअसल, इस साल नवरात्रि 9 नहीं बल्कि 10 दिनों तक चलेगी। यह अद्भुत संयोग लगभग 9 साल बाद बन रहा है। इससे पहले वर्ष 2016 में नवरात्रि 10 दिनों की हुई थी।
चतुर्थी तिथि दो दिन रहने से बढ़ेगा पर्व का महत्व
नवरात्रि के पहले दिन घर-घर में घट (कलश) स्थापना की जाती है। इसे माता की चौकी बैठाना भी कहा जाता है। पंचांग के अनुसार, 22 सितंबर को दिनभर में घटस्थापना के लिए 6 शुभ मुहूर्त रहेंगे। इसी के साथ श्रद्धालु माता दुर्गा का आह्वान कर नवरात्रि की शुरुआत करेंगे। इस साल नवरात्रि में खास संयोग यह है कि चतुर्थी तिथि दो दिन रहने वाली है। इसके कारण भक्तों को माता की पूजा का एक अतिरिक्त दिन मिलेगा। पंचांग के मुताबिक, 25 और 26 सितंबर दोनों दिन तृतीया तिथि रहेगी। इसी वजह से नवरात्रि का पर्व 9 की जगह 10 दिनों का होगा।
दुर्गाष्टमी, महानवमी और दशहरा की तिथियां
नवरात्रि में सबसे खास दिन दुर्गाष्टमी और महानवमी के होते हैं। इस बार 31 सितंबर को दुर्गाष्टमी रहेगी तो1 अक्टूबर को महानवमी मनाई जाएगी। इसके अगले दिन, यानी 2 अक्टूबर को विजयादशमी (दशहरा) का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा।मान्यता है कि नवरात्रि में नौ दिन माता दुर्गा के अलग-अलग रूपों की पूजा करने से भक्तों को सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और मनोकामनाओं की प्राप्ति होती है। इस बार अतिरिक्त दिन मिलने से श्रद्धालु पूरे 10 दिन माता की आराधना कर सकेंगे।
9 साल बाद बन रहा दुर्लभ संयोग
पंडितों के अनुसार, नवरात्रि 10 दिनों तक चलने का संयोग बहुत ही दुर्लभ होता है। यह तब बनता है जब तिथियों का overlapping होता है। इस बार ऐसा संयोग 9 साल बाद बन रहा है, जिससे भक्तों का उल्लास और भी बढ़ गया है। इस बार की नवरात्रि भक्तों के लिए बेहद खास रहने वाली है। पूरे दस दिनों तक माता दुर्गा की महिमा का गुणगान होगा और मंदिरों में भक्ति और आस्था का माहौल छाया रहेगा।