Bihar elections : आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA),महागठबंधन और जन सुराज के साथ-साथ अब एक और नई ताकत का प्रवेश हो रहा है.यह ताकत हैं ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जो 225 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने का ऐलान कर चुके हैं.
इन सीटों पर प्रत्याशी उतारेंगे शंकराचार्य
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने आज मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमारी योजना बिहार के 225 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की है. हम यह चुनावी संकल्प गौ रक्षा के मुद्दे पर आधारित करेंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में कुछ राजनीतिक दलों का रवैया गाय के हत्या करने वालों के प्रति समर्थन का है,जबकि गाय को पूजने वालों की अनदेखी की जा रही है.
स्वामी जी ने कहा कि हमारे लिए यह अत्यंत शर्मनाक है कि हम उस देश के वासी हैं, जहां गायों की हत्या होती है, जबकि गंगा बहती है. बिहार में हम सभी राजनीतिक दलों के पास गए, लेकिन किसी ने भी गौ रक्षा पर गंभीरता से विचार नहीं किया.
बिहार में 45 दिनों की गौ रक्षा संकल्प यात्रा
शंकराचार्य ने यह भी कहा कि 12 सितंबर 2025, शुक्रवार से वह बिहार में 45 दिनों की गौ रक्षा संकल्प यात्रा शुरू करेंगे. इस यात्रा का उद्देश्य राज्य के नागरिकों को यह संदेश देना है कि कौन दल गौ रक्षा के समर्थन में है और कौन गाय की हत्या करने वालों का समर्थन करता है. स्वामी जी ने इसे भारत में एक बड़े परिवर्तन की शुरुआत करार दिया और दावा किया कि यह समय स्वर्णिम युग की तरह नहीं, बल्कि निम्नतम शब्दों का है,जो देश की संस्कृति के लिए अपमानजनक है.
बिहार चुनाव में नया मोड़ !
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की यह पहल चुनावी राजनीति में एक नया मोड़ लेकर आई है और राजनीतिक गलियारों में उनके इस कदम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. उनकी यात्रा और बयान चुनावी मुद्दों पर नया विमर्श पैदा कर सकते हैं,जो बिहार की राजनीति में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकते हैं.