Jan Suraaj rally : बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों के नजदीक आते ही राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. जन सुराज पार्टी के संस्थापक और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने शनिवार को खगड़िया में आयोजित बिहार बदलाव सभा में राज्य में भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था पर कड़ा हमला बोला. उन्होंने अपनी पार्टी की सरकार बनने पर बिहार के सबसे भ्रष्ट 100 मंत्री और अधिकारियों को जेल भेजने की घोषणा की और उनके अवैध धन की वसूली उनके परिवारों से करने का दावा किया.
भ्रष्टाचार पर कड़ी कार्रवाई का ऐलान
सभा में हजारों की संख्या में लोग उपस्थित थे और प्रशांत किशोर ने उन्हें संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में भ्रष्टाचार की जड़ें गहरी हो चुकी हैं और अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो किसी भी कीमत पर भ्रष्टाचार और अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने साफ तौर पर कहा, “जो मंत्री और अधिकारी राज्य में भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, उन्हें अब से पूजा-पाठ करना शुरू कर देना चाहिए, क्योंकि जब जन सुराज की सरकार बनेगी तो उन्हें जेल भेजा जाएगा और उनकी अवैध कमाई उनके बच्चों से वसूली जाएगी.
लालू परिवार और राजद पर आरोप
प्रशांत किशोर ने बिहार के प्रमुख विपक्षी दल, राजद और उसके नेता लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि राजद की पूरी फंडिंग बालू माफिया और शराब माफिया से होती है. पीके ने अपने संघर्ष की तुलना करते हुए कहा कि मैं सरस्वती की कृपा से खाता हूं, जबकि लालू परिवार ने बिहार को गर्त में धकेल दिया.
प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि तेजस्वी यादव के कार्यकाल में बिहार में गुंडागर्दी और लूट का बोलबाला था. उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव अपने माता-पिता के पदचिन्हों पर चलते हुए भ्रष्टाचार और अपराध को बढ़ावा दे रहे हैं, जिससे बिहार की स्थिति और भी बिगड़ी है. पीके ने कहा कि तेजस्वी के शासनकाल में बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई थी.
जन सुराज पार्टी का विजन
प्रशांत किशोर ने इस अवसर पर जन सुराज पार्टी का विजन भी साझा किया. उन्होंने जनता से अपील की कि बिहार को बदला जा सकता है,लेकिन इसके लिए जरूरी है कि बिहार को नई राजनीति का मौका दिया जाए. उन्होंने दावा किया कि जन सुराज पार्टी ही वह विकल्प है जो राज्य को भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी से मुक्त शासन प्रदान कर सकती है. किशोर ने कहा कि हमारी पार्टी का उद्देश्य बिहार में एक पारदर्शी,ईमानदार और जिम्मेदार सरकार स्थापित करना है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी सत्ता में आने पर विकास,शिक्षा,स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था पर विशेष ध्यान देगी.
आगामी चुनावों के लिए रणनीति
जन सुराज पार्टी फिलहाल बिहार के विभिन्न जिलों में आयोजित सभाओं के जरिए जनता से जुड़ने की रणनीति पर काम कर रही है. पार्टी के नेताओं का मानना है कि इस तरह की सभा और जनसंपर्क से वे लोगों में जागरूकता फैला सकते हैं और आगामी चुनावों में एक मजबूत आधार बना सकते हैं. प्रशांत किशोर ने अपनी सभा में कहा कि बिहार की राजनीति में बदलाव लाने के लिए एक नई सोच और नई राजनीति की आवश्यकता है और इसके लिए जन सुराज पार्टी एक मजबूत विकल्प साबित हो सकती है.