Dharmendra News: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को आखिरकार अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. बीते कुछ दिनों से ब्रीच कैंडी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां उनकी तबीयत नाजुक बनी हुई थी. बुधवार सुबह उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया और अब वे घर पर ही आराम करेंगे.
क्या है धर्मेंद्र की मौजूदा हालात
डॉ. प्रतित समदानी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि धर्मेंद्र को सुबह करीब 7:30 बजे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. अब उनका इलाज घर पर ही जारी रहेगा, परिवार ने यह फैसला लिया है. वहीं, अभिनेता सनी देओल के मैनेजर ने भी एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि धर्मेंद्र जी अब घर पर हैं और वहीं पर उनका इलाज जारी रहेगा. हम मीडिया और जनता से निवेदन करते हैं कि वे किसी तरह की अटकलें न लगाएं और परिवार की निजता का सम्मान करें. परिवार की ओर से यह भी कहा गया कि वे सभी शुभचिंतकों और प्रशंसकों के प्रेम, प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं के लिए आभारी हैं. हम सभी चाहते हैं कि धर्मेंद्र जी जल्द से जल्द पूरी तरह स्वस्थ हों कि बयान में जोड़ा गया.
धर्मेंद्र के निधन की झूठी खबरें
गौरतलब है कि मंगलवार को सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र के निधन की झूठी खबरें फैल गई थीं, जिसके बाद कई सेलेब्रिटीज़ और राजनीतिक नेताओं ने श्रद्धांजलि तक दे दी थी. हालांकि, बाद में ईशा देओल ने एक पोस्ट जारी कर इन अफवाहों का खंडन किया और बताया कि उनके पिता की हालत स्थिर है. इसके बाद हेमा मालिनी ने भी ट्वीट कर ऐसी अफवाहें फैलाने वालों पर नाराजगी जताई थी. धर्मेंद्र के डिस्चार्ज होने की खबर से अब प्रशंसकों ने राहत की सांस ली है और सभी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं.