Delhi Car Blast: राजधानी दिल्ली में सोमवार को लाल किले के पास हुए धमाके को केंद्र सरकार ने आतंकी घटना करार दिया है। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस हमले को जघन्य अपराध बताते हुए गहरी चिंता और शोक व्यक्त किया गया। बैठक के दौरान मंत्रिमंडल ने इस हमले में मारे गए निर्दोष नागरिकों की याद में दो मिनट का मौन रखा और शोक प्रस्ताव पारित किया। कैबिनेट ने मृतकों को श्रद्धांजलि दी और घायलों के प्रति संवेदना जताई।
हादसे की जांच के आदेश
सरकार ने इस घटना की जांच को तेज करने के निर्देश जारी किए हैं। बैठक के बाद जारी बयान में कहा गया कि दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कैबिनेट ने स्पष्ट किया कि आतंक से निपटने में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और सुरक्षा एजेंसियों को बिना देरी जांच पूरी करने का आदेश दिया गया है। गौरतलब है कि सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास एक कार में जोरदार धमाका हुआ था, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई थी और 20 अन्य घायल हुए थे। जांच एजेंसियां इस हमले के पीछे की साजिश और संभावित आतंकी नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।