बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर का दबदबा बरकरार, अवतार 3 की ओपनिंग भी रही फीकी

Dhurandhar Box Office Collection : निर्देशक आदित्य धर की फिल्म धुरंधर बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूती से टिकी हुई है और इसके आगे किसी भी बड़ी फिल्म का टिक पाना फिलहाल मुश्किल नजर आ रहा है। इसकी ताजा मिसाल हॉलीवुड के दिग्गज निर्देशक जेम्स कैमरून की बहुप्रतीक्षित फिल्म अवतार: फायर एंड ऐश (अवतार 3) रही, जो रिलीज के पहले दिन भी धुरंधर को पछाड़ने में नाकाम रही।

बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर का दबदबा

5 दिसंबर को रिलीज हुई करीब 280 करोड़ रुपये के बजट में बनी धुरंधर को बॉक्स ऑफिस पर 15 दिन पूरे हो चुके हैं, लेकिन फिल्म की कमाई की रफ्तार अब भी थमी नहीं है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अवतार 3 के 19 दिसंबर को रिलीज होने के बावजूद धुरंधर ने देशभर में दर्शकों की मजबूत मौजूदगी बनाए रखी। बताया जा रहा है कि फिल्म अब घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ रुपये के करीब पहुंच चुकी है, जबकि वैश्विक कमाई 730 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है। यह आंकड़े इसे साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल करते हैं।

15वें दिन धुरंधर की कमाई में मामूली गिरावट

हालांकि अवतार 3 की रिलीज के चलते 15वें दिन धुरंधर की कमाई में मामूली गिरावट दर्ज की गई, लेकिन इससे फिल्म के कुल कारोबार या बॉक्स ऑफिस पोजीशन पर कोई खास असर नहीं पड़ा है। रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना और आर. माधवन स्टारर इस फिल्म ने रिलीज के पहले दिन से ही कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। हिंदी, क्षेत्रीय और हॉलीवुड फिल्मों से कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद धुरंधर लगातार 15 दिनों तक बॉक्स ऑफिस पर नंबर वन बनी हुई है। फिल्म ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि मौजूदा रफ्तार को देखते हुए धुरंधर आने वाले दिनों में भी कई नए कीर्तिमान स्थापित कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *