Night Club और Pubs को छोड़ घर पर मनाएं न्यू ईयर पार्टी…फैमिली के साथ करें विंज वाच

New year film : साल 2026 का स्वागत पूरे देश में जोश, उत्साह और उम्मीदों के साथ किया जा रहा है. आम जन के साथ-साथ फिल्म जगत भी नए साल के रंग में रंगा नजर आ रहा है. ऐसे में अगर आप परिवार और दोस्तों के साथ न्यू ईयर का जश्न मनाने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो बॉलीवुड की कुछ खास फिल्में आपके उत्साह को और बढ़ा सकती हैं. इन फिल्मों में न्यू ईयर ईव के यादगार सीन, पार्टी, रोमांस, दोस्ती और जिंदगी को नए नजरिए से देखने का संदेश देखने को मिलता है.

दुबई की चमक में बसा न्यू ईयर… ‘हैप्पी न्यू ईयर’

फराह खान के निर्देशन में बनी फिल्म ‘हैप्पी न्यू ईयर’ (2014) न्यू ईयर पार्टी मूड के लिए परफेक्ट मानी जाती है. शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, सोनू सूद, बोमन ईरानी और विवान शाह स्टारर यह फिल्म पूरी तरह न्यू ईयर ईव पर दुबई में सेट है. वर्ल्ड डांस चैंपियनशिप के बहाने हीरे चुराने की कहानी, भव्य सेलिब्रेशन, लाइट्स और फायरवर्क्स के बीच ‘इंडिया वाले’ और ‘मनवा लागे’ जैसे गाने नए साल की रात को खास बना देते हैं.

दोस्ती और मस्ती का जश्न… ‘ये जवानी है दीवानी’

अयान मुखर्जी की ‘ये जवानी है दीवानी’ (2013) न्यू ईयर सेलिब्रेशन की सबसे यादगार फिल्मों में शुमार है. रणबीर कपूर, दीपिका पादुकोण, आदित्य रॉय कपूर और कल्कि कोचलिन की यह फिल्म मनाली में न्यू ईयर पार्टी के सीन के लिए खास तौर पर जानी जाती है. बर्फीले पहाड़, बॉनफायर और दोस्तों का साथ ‘कबीरा’ और ‘बदतमीज दिल’ जैसे गाने नए साल के जश्न को और रंगीन बना देते हैं.

जिंदगी को नए मायनों में समझाती फिल्म… ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’

जोया अख्तर के निर्देशन में बनी ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ (2011) आज भी उतनी ही ताजगी से देखी जाती है. ऋतिक रोशन, फरहान अख्तर और अभय देओल की स्पेन यात्रा पर आधारित यह फिल्म दोस्ती, प्यार और जिंदगी के नए संकल्पों की खूबसूरत कहानी कहती है. नए साल की शुरुआत अगर खुद से किए वादों और जीवन को खुलकर जीने के जज्बे के साथ करनी हो, तो यह फिल्म खास है.

उम्मीद और रोमांस की कहानी… ‘अंजाना अंजानी’

सिद्धार्थ आनंद की ‘अंजाना अंजानी’ (2010) न्यूयॉर्क की न्यू ईयर ईव पर आधारित है. रणबीर कपूर और प्रियंका चोपड़ा की यह फिल्म उस पल को दिखाती है, जब टाइम्स स्क्वायर की भीड़ और जश्न के बीच जिंदगी को दोबारा अपनाने का फैसला लिया जाता है. यह फिल्म नए साल में पॉजिटिव सोच और नई शुरुआत का संदेश देती है.

नए साल के लिए मोटिवेशन… ‘3 इडियट्स’

राजकुमार हिरानी की ‘3 इडियट्स’ (2009) हर दौर में प्रासंगिक बनी हुई है. आमिर खान, आर. माधवन और शरमन जोशी की दोस्ती, हंसी-मजाक और जिंदगी के गहरे सबक नए साल में नई ऊर्जा और नए संकल्प लेने की प्रेरणा देते हैं.

कॉमेडी और मस्ती का तड़का… ‘दोस्ताना’

करण जौहर के निर्देशन में बनी ‘दोस्ताना’ (2008) में मियामी बीच पर न्यू ईयर पार्टी का सीन दर्शकों को खूब हंसाता है. अभिषेक बच्चन, जॉन अब्राहम और प्रियंका चोपड़ा की यह फिल्म हल्के-फुल्के अंदाज में नए साल का जश्न मनाने के लिए बेहतरीन विकल्प है.

कुल मिलाकर, अगर साल 2026 की शुरुआत आप हंसी, मस्ती, दोस्ती और उम्मीद के साथ करना चाहते हैं, तो ये बॉलीवुड फिल्में आपके न्यू ईयर सेलिब्रेशन को यादगार बना सकती हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *