Rashmika Mandanna wedding photos : रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा विवाह के बंधन में बंध गए हैं. दोनों सितारों ने 26 फरवरी को उदयपुर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए. शादी की पहली तस्वीर सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और प्रशंसकों में उत्साह की लहर दौड़ गई.
सोशल मीडिया पर छाईं शादी की तस्वीरें
नवविवाहित जोड़े ने अपने-अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर विवाह की पहली तस्वीरें साझा कीं. तस्वीरों में रश्मिका लाल और सफेद रंग के पारंपरिक परिधान में सोने के गहनों से सजी नजर आ रही हैं, जबकि विजय पारंपरिक वेशभूषा में दिखाई दे रहे हैं. एक तस्वीर में विजय घोड़े पर सवार होकर विवाह स्थल पर पहुंचते दिख रहे हैं. वहीं एक अन्य तस्वीर में शादी के मंच पर भावुक नजर आ रहीं रश्मिका की झलक देखने को मिली. दोनों ने हाथ थामे एक छोटा वीडियो भी साझा किया, जिसे प्रशंसकों का भरपूर प्यार मिल रहा है.
रश्मिका का भावुक संदेश
तस्वीरों के साथ रश्मिका ने एक भावुक संदेश भी लिखा. उन्होंने अपने पति का परिचय कराते हुए लिखा कि विजय वह इंसान हैं जिन्होंने उन्हें सच्चे प्रेम और शांति का एहसास कराया. उन्होंने कहा कि जीवन की सभी उपलब्धियां, संघर्ष और खुशियां अब अधिक अर्थपूर्ण लगती हैं क्योंकि विजय उनके साथ हैं. रश्मिका ने यह भी साझा किया कि वह आज खुद को वही महिला महसूस कर रही हैं, जिसका उन्होंने हमेशा सपना देखा था.
विजय ने पत्नी को बताया सबसे अच्छी दोस्त
वहीं विजय ने अपने पोस्ट में रश्मिका को अपनी सबसे अच्छी दोस्त बताते हुए लिखा कि उन्हें एहसास हुआ कि जीवन के हर छोटे-बड़े पल में उन्हें रश्मिका की जरूरत है. उन्होंने कहा कि घर जैसा सुकून और शांति महसूस करने के लिए उन्होंने अपनी सबसे अच्छी दोस्त को अपनी पत्नी बना लिया. शादी की तस्वीरें और संदेश सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लग गया है. प्रशंसक और फिल्मी जगत की हस्तियां नवदंपती को शुभकामनाएं दे रहे हैं.