सलमान खान पहली बार निभाएंगे सुपरहीरो का किरदार…राज और डीके की फिल्म में सामंथा संग दिखेंगे भाईजान ?

Salman khan superhero film : बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान जल्द ही अपने करियर में पहली बार सुपरहीरो की भूमिका निभाते नजर आ सकते हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने निर्देशक जोड़ी राज और डीके की आगामी फिल्म के लिए हामी भर दी है. हालांकि फिल्म की आधिकारिक घोषणा अभी तक नहीं की गई है.

लीड एक्ट्रेस को लेकर अभी भी सस्पेंस

रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि फिल्म में सलमान खान के अपोजिट एक ए-लिस्ट अभिनेत्री को कास्ट करने की तैयारी चल रही है और इसके लिए सामंथा रुथ प्रभु का नाम सबसे आगे बताया जा रहा था. कहा गया कि निर्देशक जोड़ी को लगता है कि सामंथा इस किरदार के लिए बिल्कुल उपयुक्त हैं. सामंथा इससे पहले राज और डीके के साथ वेब सीरीज़ द फैमिली मैन सीज़न 2 में काम कर चुकी हैं, जिसमें उनके अभिनय को दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों ने काफी सराहा था. इसी वजह से उनके इस प्रोजेक्ट से जुड़ने की अटकलें तेज हो गई थीं. हालांकि जब इस बारे में निर्देशक राज निदिमोरू से संपर्क किया गया तो उन्होंने इन खबरों को अफवाह बताया. उनके अनुसार सामंथा के साथ फिल्म को लेकर फिलहाल कोई बातचीत नहीं चल रही है. ऐसे में फिल्म की लीड एक्ट्रेस को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है और मेकर्स सही कास्ट मिलने के बाद ही प्रोजेक्ट की आधिकारिक घोषणा करेंगे.

रिटायर्ड सुपरहीरो की भूमिका निभाएंगे सलमान खान

बताया जा रहा है कि इस फिल्म में सलमान खान एक रिटायर्ड सुपरहीरो की भूमिका निभाएंगे, जो दुनिया को बचाते-बचाते थक चुका है और अब सामान्य जीवन जीना चाहता है. लेकिन नई मुसीबत सामने आने के बाद उसे फिर से एक्शन में उतरना पड़ता है. फिल्म की कहानी हॉलीवुड फिल्म हैनकॉक से प्रेरित बताई जा रही है. रिपोर्ट्स के अनुसार सलमान खान ने इस प्रोजेक्ट के लिए इसलिए हामी भरी क्योंकि इसमें उन्हें पारंपरिक सुपरहीरो की तरह मास्क नहीं पहनना होगा. साथ ही किरदार को उनकी उम्र के हिसाब से लिखा गया है, क्योंकि अभिनेता अब अधिक यथार्थवादी भूमिकाएं निभाने पर ध्यान दे रहे हैं.

नयनतारा के साथ भी फिल्म की खबर

इस बीच सलमान खान के एक और प्रोजेक्ट की भी चर्चा है. बताया जा रहा है कि वह गलवान घाटी की घटना के बाद बनी कहानी पर आधारित निर्माता दिल राजू की फिल्म में भी नजर आ सकते हैं. इस फिल्म का निर्देशन वामसी पेडीपल्ली करेंगे, जो महार्षि और वारिसू जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस पैन-इंडिया एक्शन थ्रिलर की शूटिंग अप्रैल से शुरू हो सकती है. कुछ खबरों में यह भी दावा किया गया कि फिल्म में सलमान खान के अपोजिट नयनतारा को कास्ट किया जा सकता है. हालांकि इन दावों की भी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है. फिलहाल दोनों ही प्रोजेक्ट्स को लेकर मेकर्स की ओर से औपचारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *