आईपीएल में MS Dhoni के खेलने को लेकर अटकलों पर विराम…CSK CEO ने किया बड़ा खुलासा

IPL 2026: आईपीएल 2026 से पहले महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) के भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के CEO काशी विश्वनाथन ने स्पष्ट कर दिया है कि धोनी आगामी आईपीएल सीजन में टीम के लिए उपलब्ध रहेंगे और पूरे टूर्नामेंट का हिस्सा बनेंगे. काशी विश्वनाथन ने कहा कि धोनी की मैदान पर भूमिका क्या होगी, इसका अंतिम फैसला टीम का कोचिंग स्टाफ करेगा. उन्होंने बताया कि यह पूरी तरह क्रिकेट से जुड़ा तकनीकी निर्णय है, इसलिए टीम का प्रशासनिक विभाग इसमें दखल नहीं देगा. कोचिंग स्टाफ ही तय करेगा कि धोनी बतौर बल्लेबाज, विकेटकीपर-बल्लेबाज या फिर इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में मैदान में उतरेंगे.

फिटनेस और अनुभव टीम की ताकत

फिलहाल धोनी चेन्नई में टीम के साथ अभ्यास कर रहे हैं और नए सीजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं. इससे पहले उन्होंने रांची में हल्की नेट प्रैक्टिस के साथ अपनी ट्रेनिंग शुरू की थी. अब वह चेन्नई में आयोजित ट्रेनिंग कैंप में सक्रिय रूप से हिस्सा ले रहे हैं. 44 साल की उम्र में भी धोनी की फिटनेस और अनुभव टीम के लिए बड़ी ताकत माने जा रहे हैं. पिछले दो सीजन में भी उन्होंने टीम के लिए अहम भूमिका निभाई थी, जबकि उस दौरान वह घुटने की चोट से भी जूझ रहे थे.

पिछले सीजन में निचले पायदान पर रही टीम

पिछले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था और टीम अंक तालिका में निचले पायदान पर रही थी. ऐसे में टीम इस बार दमदार वापसी की उम्मीद कर रही है. कप्तान रुतुराज गायकवाड़ की अगुवाई में CSK नए जोश और रणनीति के साथ आईपीएल 2026 में उतरने की तैयारी कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *