बिखरने वाली है Hera Pheri 3 की स्टार कास्ट…परेश रावल के बाद सुनील शेट्टी ने किया बड़ा इशारा…

Hera Pheri 3 : बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फ़िल्म ‘हेरा फेरी 3’ को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। फिल्म के अहम किरदार ‘बाबू भैया’ निभा चुके वरिष्ठ अभिनेता परेश रावल ने खुद सोशल मीडिया पर यह ऐलान किया कि वह इस फिल्म का हिस्सा नहीं होंगे। उनके इस फैसले से न सिर्फ़ प्रशंसकों में निराशा है, बल्कि सह-कलाकारों और फ़िल्म से जुड़े लोगों में भी हलचल मच गई है।

Hera Pheri 3 को लेकर सुनील शेट्टी ने क्या कहा…

इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘केसरी वीर: द लीजेंड ऑफ़ सोमनाथ’ के प्रमोशन में जुटे अभिनेता सुनील शेट्टी ने इस मसले पर अपनी भावनाएं खुलकर जाहिर कीं। उन्होंने इसे “बहुत बड़ा झटका” बताया। सुनील शेट्टी ने कहा “मुझे यह ख़बर कल ही पता चली और मैं पूरी तरह टूट गया हूं। अगर कोई एक फ़िल्म थी जिसका मैं बेसब्री से इंतज़ार कर रहा था, तो वह हेरा फेरी थी। यह फ़िल्म 100 प्रतिशत परेश रावल के बिना नहीं बन सकती,”। उन्होंने आगे कहा कि अक्षय और वह खुद भी इस फ़िल्म के बिना कल्पना किए जा सकते हैं, लेकिन बाबू भैया के बिना ‘हेरा फेरी’ की कल्पना अधूरी है।

वहीं फिल्म ‘हेरा फेरी’ के पहले भाग के निर्देशक प्रियदर्शन ने भी परेश रावल के फैसले पर आश्चर्य जताया। उन्होंने कहा कि फिल्म शुरू होने से पहले अक्षय कुमार ने उनसे कहा था कि वे परेश और सुनील से इस बारे में बात करें, और दोनों ही इसके लिए तैयार थे।प्रियदर्शन ने कहा कि “मैं नहीं जानता कि यह सब क्यों हुआ, क्योंकि परेश ने हमें इसकी कोई जानकारी नहीं दी। उन्होंने अब तक मुझसे कोई बात नहीं की है,”।

अक्षय कुमार का कानूनी नोटिस?

ज्ञात हो कि इस पूरे मामले ने और तूल तब पकड़ा जब हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि अक्षय कुमार ने अपने प्रोडक्शन हाउस ‘केप ऑफ गुड फिल्म्स’ की ओर से परेश रावल को 25 करोड़ रुपये का कानूनी नोटिस भेजा है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह नोटिस परेश रावल को उनके “अनप्रोफेशनल व्यवहार”, लीगल कॉन्ट्रैक्ट साइन करने के बावजूद फिल्म छोड़ने और शूटिंग शुरू होने के बाद पीछे हटने को लेकर भेजा गया है। हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। जब परेश रावल से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, “मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।”

परेश रावल ने हेरा फेरी को बताया था गले का फंदा

निर्णय को लेकर परेश रावल ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि “मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि ‘हेरा फेरी 3’ (Hera Pheri 3) से अलग होने का मेरा फ़ैसला किसी भी क्रिएटिव डिफरेंस की वजह से नहीं है। फ़िल्ममेकर के साथ मेरा कोई मतभेद नहीं है। प्रियदर्शन के लिए मेरे मन में अपार प्यार और सम्मान है। इससे पहले एक इंटरव्यू में उन्होंने ‘हेरा फेरी’ में अपने किरदार को ‘गले का फंदा’ बताते हुए कहा था कि इस छवि से बाहर निकलना उनके लिए ज़रूरी है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि सीक्वल पर सीक्वल करने से कलाकार खुद को दोहराने लगता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *