Imran Khan Death : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की मौत को लेकर सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों से देश की सियासत में हलचल मच गई है। इमरान खान अगस्त 2023 से रावलपिंडी स्थित अडियाला जेल में बंद हैं। इसी बीच उनकी सेहत को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, पिछले करीब तीन हफ्तों से इमरान खान की बहनें उनसे मुलाकात की कोशिश कर रही हैं, लेकिन जेल प्रशासन की ओर से उन्हें अनुमति नहीं दी जा रही है। इसी वजह से उनकी खराब सेहत को लेकर कयास और तेज हो गए हैं। इमरान की बहनों ने सरकार से उनकी असली स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की है।
सरकार और जेल प्रशासन ने बयान जारी किया
वहीं बढ़ते दबाव के बीच जेल प्रशासन ने बयान जारी कर कहा है कि इमरान खान की तबीयत पूरी तरह सामान्य है और उनकी सेहत को लेकर फैल रही खबरें पूरी तरह बेबुनियाद हैं। इस पूरे मामले पर इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने भी सरकार से औपचारिक स्पष्टीकरण मांगा है। पार्टी ने प्रशासन से पूर्व प्रधानमंत्री और उनके परिवार के बीच मुलाकात सुनिश्चित कराने की भी मांग की है। PTI ने आरोप लगाया है कि विदेशी सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए इमरान खान की मौत तक की झूठी खबरें फैलाई जा रही हैं, जो राष्ट्रीय सुरक्षा और मानवाधिकारों दोनों का गंभीर उल्लंघन है। PTI ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि इमरान खान की सुरक्षा, स्वास्थ्य और उनके संवैधानिक अधिकारों की पूरी जिम्मेदारी पाकिस्तान सरकार की है। पार्टी ने यह भी कहा कि यदि इमरान खान के साथ कोई अनहोनी होती है तो इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही अफवाह फैलाने वालों की उच्चस्तरीय जांच की मांग भी की गई है।
100 से अधिक मामलों में आरोपी
इमरान खान पर देशभर में 100 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्हें भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले में 14 साल की सजा सुनाई जा चुकी है। यह सजा सरकारी उपहारों की बिक्री से जुड़े तोशाखाना केस और सरकारी गोपनीय दस्तावेज लीक करने जैसे आरोपों से संबंधित है। इसके अलावा, इमरान खान पर अल-कादिर ट्रस्ट के लिए पाकिस्तान सरकार की अरबों रुपये की जमीन को सस्ते दामों पर बेचने का आरोप भी है। इसी मामले में उन्हें 9 मई 2023 को गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद पूरे पाकिस्तान में हिंसक प्रदर्शन हुए थे और सेना के कई अहम ठिकानों पर भी हमले हुए थे।
NAB ने दर्ज किया था केस
पाकिस्तान के नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो (NAB) ने दिसंबर 2023 में अल-कादिर ट्रस्ट मामले में इमरान खान, उनकी पत्नी बुशरा बीबी और अन्य छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। हालांकि, उस वक्त तक इमरान खान पहले से ही तोशाखाना केस में अडियाला जेल में बंद थे। इमरान खान की सेहत को लेकर फैली अफवाहों ने एक बार फिर पाकिस्तान की राजनीति को गरमा दिया है। विपक्ष सरकार पर पारदर्शिता की कमी का आरोप लगा रहा है, जबकि सरकार इन खबरों को पूरी तरह झूठा और भ्रामक बता रही है।