प्रशांत किशोर पर एक और FIR दर्ज, आंदोलन को लेकर किया बड़ा धोषणा

पटना। प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) और उनके समर्थकों पर एक और FIR दर्ज की गई है. मामला पटना सिविल कोर्ट परिसर में हंगामा करने और पुलिस की जीप पर जबरन बैठकर मीडिया को संबोधित करने के आरोप में दर्ज हुआ है.

Prashant Kishor को अस्पताल ले जाने में आई मुश्किलें

उधर पिछले कई दिनों से छात्रों की मांगों को लेकर आमरण अनशन पर बैठे प्रशांत किशोर को मंगलवार को पटना के मेदांता अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया. हालांकि प्रशांत किशोर अस्पताल नहीं जाना चाहते थे, लेकिन उनकी टीम लगातार उन्हें अस्पताल चलने के लिए कहती रही. उनकी सेहत बिगड़ने पर घर पर एम्बुलेंस बुलाई गई और मेडिकल टीम की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया.

अस्पताल जाने से पहले प्रशांत किशोर ने स्पष्ट किया कि उनका आमरण अनशन जारी रहेगा और वह केवल पानी पी रहे हैं. डॉक्टरों के अनुसार, उनके गले में तकलीफ है और उनकी सेहत की स्थिति गंभीर बनी हुई है. इस बीच, सत्याग्रह समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आंदोलन जारी रहेगा.

गांधी मैदान में गिरफ्तारी और कोर्ट का घटनाक्रम

सोमवार तड़के चार बजे पटना पुलिस ने प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) को गांधी मैदान से गिरफ्तार किया. इसके साथ ही पुलिस ने धरनास्थल को खाली करा लिया. बाद में प्रशांत किशोर को कोर्ट ले जाया गया, जहां उन्हें सशर्त जमानत दी गई. हालांकि, उन्होंने इसे अस्वीकार कर दिया. आखिरकार, कोर्ट ने उन्हें बिना शर्त जमानत दी, जिसके बाद वह जेल से रिहा हुए.

गांधी मैदान में Prashant Kishor के प्रदर्शन पर रोक

पटना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गांधी मैदान में प्रदर्शन की अनुमति नहीं है. यदि कोई प्रदर्शन करना चाहता है तो उसे गर्दनीबाग क्षेत्र में जाना होगा. पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने पर आंदोलनकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. जिसके बाद से प्रशांत किशोर की अगली रणनीति पर सबकी निगाहें टिकी हैं. अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद उन्होंने आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है. माना जा रहा है कि जल्द ही वे अपने आंदोलन को लेकर अगला कदम उठाने की घोषणा करेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *