Bihar news Today : कोचिंग संस्थानों पर सम्राट सरकार सख्त…फायरिंग मामले में खान सर को राहत

Bihar ki Dinbhar ki khabar : बिहार से जुड़ी आज की सबसे बड़ी खबर आई सम्राट सरकार के फैसले से. जब बिहार सरकार ने कोचिंग संस्थानों के संचालन को व्यवस्थित करने के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं. वहीं लालू परिवार की सुरक्षा व्यवस्था और सरकारी बंगले को लेकर बिहार की सियासत तेज हो गई है. पढ़िए दिन भर की बड़ी खबरें…

  • सुरक्षा और बंगला विवाद पर तेजस्वी यादव का सरकार पर हमला

लालू परिवार की सुरक्षा व्यवस्था और सरकारी बंगले को लेकर बिहार की सियासत तेज हो गई है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को दिल्ली से पटना लौटने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार पर जमकर निशाना साधा. तेजस्वी यादव ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सम्राट चौधरी चीफ मिनिस्टर नहीं बल्कि चीप मिनिस्टर हैं और इसी वजह से चीप राजनीति कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें किसी अतिरिक्त सुरक्षा की जरूरत नहीं है और सरकार जानबूझकर मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ऐसे फैसले ले रही है.

  • MLC चुनाव के बीच RJD में बढ़ी नाराजगी, पूर्व विधायक शिवचंद्र राम ने दिया इस्तीफा

बिहार में विधान परिषद (MLC) चुनाव के बीच राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में अंदरूनी असंतोष खुलकर सामने आने लगा है. टिकट नहीं मिलने से नाराज पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक शिवचंद्र राम ने सोमवार को RJD के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया. हालांकि, पार्टी नेतृत्व ने उनके इस्तीफे को स्वीकार नहीं किया है. RJD प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने बताया कि देर रात शिवचंद्र राम से बातचीत हुई है. उन्होंने कहा कि शिवचंद्र राम पार्टी के पुराने और समर्पित कार्यकर्ता हैं, इसलिए उनके त्यागपत्र को अस्वीकार कर दिया गया है. पार्टी की ओर से यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि वरिष्ठ नेताओं की नाराजगी को बातचीत के जरिए दूर किया जाएगा. वहीं, MLC चुनाव के दौरान सामने आई इस नाराजगी को RJD के भीतर चल रही राजनीतिक हलचल से जोड़कर देखा जा रहा है.

  • बिहार में उद्योगों को बढ़ावा के लिए 30 दिनों में मिलेगी मंजूरी

बिहार में नए उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया को तेज करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि नए उद्योगों की स्थापना के लिए जरूरी स्वीकृतियां अब 30 दिनों के भीतर उपलब्ध कराई जाएंगी. मुख्यमंत्री ने बताया कि निवेशकों को बेहतर सुविधा देने और प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत किया गया है. राज्य निवेश प्रोत्साहन परिषद सचिवालय को एकल नोडल एजेंसी बनाया गया है, जिससे विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और अनुमोदन प्रक्रिया तेज होगी.

  • बिहार मूल के लोगों को जोड़ने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च

बिहार सरकार ने देश-विदेश में रहने वाले बिहार मूल के लोगों को राज्य के विकास, निवेश और नवाचार से जोड़ने के लिए एक विशेष डिजिटल प्लेटफॉर्म की शुरुआत की है. सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नितीश मिश्रा ने टेक्नोलॉजी भवन, पटना में इस प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया. उन्होंने कहा कि यह पहल बिहार के विकास में प्रवासी समुदाय की भागीदारी बढ़ाने में मदद करेगी. सरकार आने वाले समय में आईटी सेक्टर और निवेश के क्षेत्र में बड़े बिजनेस समिट आयोजित करने की तैयारी कर रही है.

  • कोचिंग संस्थानों पर सरकार सख्त छात्रों का रिकॉर्ड देना होगा अनिवार्य

बिहार सरकार ने कोचिंग संस्थानों के संचालन को व्यवस्थित करने के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अब सभी कोचिंग संस्थानों को अपने यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों का विवरण संबंधित जिला प्रशासन को उपलब्ध कराना होगा. इसके अलावा स्कूल और कॉलेज के निर्धारित शिक्षण समय के दौरान कोचिंग संचालन पर रोक रहेगी. शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बताया कि बिहार राज्य कोचिंग नियमावली तैयार की जा रही है, जिसे अगले तीन महीने में लागू किया जाएगा.

  • 34 जिलों के 131 केंद्र पर होगी नीट की पुनर्परीक्षा

नीट पुनर्परीक्षा को सुरक्षित और कदाचार मुक्त कराने के लिए बिहार सरकार ने व्यापक तैयारी की है. राज्य के 34 जिलों के 35 शहरों में 131 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1.56 लाख से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे. प्रश्न पत्रों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. पुलिस को सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने और फर्जी प्रश्न पत्र फैलाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

  • बिहार में मौसम का बदला मिजाज

बिहार के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली है. राज्य के उत्तरी और पूर्वी जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली. खगड़िया, भागलपुर, बेगूसराय, समस्तीपुर, मधुबनी और सीतामढ़ी समेत कई जिलों में बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की खबर है. वहीं दक्षिण बिहार के कई जिले अभी भी गर्मी की चपेट में हैं. रोहतास में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

  • नालंदा विश्वविद्यालय और मंगोलिया के बीच ऐतिहासिक समझौते

भारत और मंगोलिया के बीच शैक्षणिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए नालंदा विश्वविद्यालय ने दो महत्वपूर्ण समझौते किए हैं. उलानबटार में गंदन मठ और नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ मंगोलिया के साथ हुए इन समझौतों के तहत बौद्ध विरासत, पांडुलिपियों के संरक्षण और संयुक्त शोध को बढ़ावा दिया जाएगा.

  • फायरिंग मामले में खान सर को राहत

पटना फायरिंग मामले में खान सर को मंगलवार को पटना सिविल कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है. अदालत ने पुलिस से मामले की केस डायरी भी तलब की है. कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि अगली सुनवाई या अगले आदेश तक संबंधित व्यक्ति के खिलाफ किसी भी तरह की कठोर या दबावपूर्ण कार्रवाई नहीं की जाए.

खान सर की ओर से पेश अधिवक्ता अरविंद कुमार महुआर ने अदालत में दलील दी कि फायरिंग की घटना आत्मरक्षा में की गई थी. उन्होंने कहा कि गोली चलाने का उद्देश्य किसी तरह का डर या भय का माहौल पैदा करना नहीं था.मामले की अगली सुनवाई तक खान सर को राहत जारी रहेगी.