Bihar new MLA house : बिहार के नवनिर्वाचित विधायकों को अब उनके नए और अत्याधुनिक सरकारी आवास मिल गए हैं. विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने 18वीं विधानसभा के 220 नवनिर्वाचित सदस्यों के लिए आवास आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली है. शनिवार की शाम इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी गई. नए मकान पटना के वीरचंद पटेल पथ स्थित विभिन्न ब्लॉकों में बनाए गए हैं और इन्हें विधायकों के निर्वाचन क्षेत्र संख्या के आधार पर आवंटित किया गया है.
आधुनिक सुविधाओं से लैस नए आवास
हाल ही में 243 विधायकों के लिए बनाए गए इन आधुनिक आवासों का निर्माण कार्य पूरा हुआ था. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी कुछ दिन पहले आवासीय परिसर का निरीक्षण किया था. सरकार का उद्देश्य विधायकों को सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक रहने की सुविधा उपलब्ध कराना है, जिससे वे अपने कार्यों को सहजता से संचालित कर सकें.
4 बीएचके वाले डुप्लेक्स बंगले
नए आवासों की खासियत यह है कि प्रत्येक विधायक को 4 बीएचके का विशाल डुप्लेक्स बंगला दिया गया है. इन बंगलों को आधुनिकता और सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है. भूतल पर एक गेस्ट रूम, ऑफिस रूम और पीए के लिए अलग कमरा बनाया गया है. विशाल किचन, डाइनिंग स्पेस और खुला क्षेत्र भी उपलब्ध है. पहली मंजिल पर तीन बड़े कमरे और एक मास्टर बेडरूम बनाया गया है. सुरक्षा को देखते हुए हर बंगले की सबसे ऊपरी मंजिल पर गार्ड रूम की व्यवस्था की गई है. पूरे परिसर में प्रत्येक आवास में कुल 6 टॉयलेट बनाए गए हैं ताकि बड़े परिवार या मेहमानों को किसी तरह की असुविधा न हो. सभी कमरों में बेड, सोफा, टेबल, अलमारी सहित आवश्यक फर्नीचर उपलब्ध कराया गया है. डाइनिंग हॉल भी पूरी तरह सुसज्जित है.
44 एकड़ में फैला आवासीय परिसर
यह आधुनिक आवासीय परियोजना कुल 44 एकड़ में फैली हुई है. प्रत्येक बंगला करीब 3700 वर्ग फीट क्षेत्र में बना है. परिसर में एमएलए हॉस्टल, कैंटीन, कम्युनिटी सेंटर और कई अन्य सुविधाएँ उपलब्ध हैं, जो इसे पूर्ण आवासीय परिसर का स्वरूप देते हैं. परियोजना को पर्यावरण के अनुकूल बनाया गया है. परिसर में जल संरक्षण के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. सिवरेज डिस्चार्ज के पानी को ट्रीटमेंट के बाद पौधों की सिंचाई और अन्य उपयोगों में लाया जाएगा. ऊर्जा बचत के लिए पूरे परिसर में एलईडी स्ट्रीट लाइट्स लगाई गई हैं. हर डुप्लेक्स पर उसके आवंटित विधायक के निर्वाचन क्षेत्र की संख्या और विधानसभा क्षेत्र का नाम लिखा गया है, जिससे पहचान आसान हो सके.
पुराने आवासों से ज्यादा सुरक्षित और बेहतर
विधानसभा अध्यक्ष द्वारा आवंटन अधिसूचना जारी होते ही अब नवनिर्वाचित विधायक अपने नए आवासों में रहने जा सकेंगे. पुराने एमएलए फ्लैट्स की तुलना में ये नए आवास सुरक्षा, सुविधा, आधुनिक डिजाइन और विशाल जगह के मामले में काफी बेहतर हैं. आवास मिलने के बाद विधायकों में उत्साह भी देखा जा रहा है.
पटना में आधुनिक सरकारी आवासीय ढांचे की बड़ी पहल
इन नए भवनों का निर्माण न केवल विधायकों को आरामदायक आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है, बल्कि पटना में एक आधुनिक और सुव्यवस्थित सरकारी आवासीय परिसर विकसित करने की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण कदम है. नया परिसर राजधानी की आधारभूत संरचना को भी आधुनिक रूप देने में सहायक साबित होगा.