Bihar news Today : टेंडर घोटाला में तीन अधिकारियों की गिरफ्तारी…राजस्व मामलों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाएगी सरकार

Bihar ki Dinbhar ki khabar : आज की सबसे बड़ी खबर पटना से आई जहां टेंडर घोटाला मामले में SVU ने कार्रवाई करते हुए 3 गिरफ्तारी की है. वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 94 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों के बैंक खातों में करीब 1100 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की. पढ़िए आज की बड़ी खबरें (Bihar news Today)…

  • नरेंद्र मोदी बने भारत के सबसे लंबे कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में भारत में सबसे लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड स्थापित किया है. 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद उनका लगातार कार्यकाल अब एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज किया गया है. इस अवसर पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, केंद्रीय मंत्रिमंडल और कई देशों के नेताओं ने उन्हें बधाई दी. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रस्ताव पारित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस उपलब्धि पर बधाई दी. सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने कहा कि मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व और राष्ट्र सेवा के प्रति उनके योगदान को लेकर सम्मान व्यक्त किया.

  • बिहार में 94 लाख से अधिक पेंशनधारियों को मिली राशि

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 94 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों के बैंक खातों में करीब 1100 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की. मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हर महीने की 10 तारीख को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि लाभार्थियों के खाते में भेजी जाएगी. उन्होंने वृद्धजन, विधवा महिलाओं और दिव्यांग लाभार्थियों से समय पर आवेदन करने तथा जिन लाभार्थियों का आधार लिंक नहीं है, उन्हें जल्द प्रक्रिया पूरी करने की अपील की.

  • राजस्व मामलों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाएगी सरकार

बिहार सरकार ने लंबित राजस्व आवेदनों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान शुरू करने की घोषणा की है. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अनुसार 11 जून से 17 जून तक सभी हल्का स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां लंबित आवेदनों की जांच और निष्पादन किया जाएगा.

  • टेंडर घोटाला मामले में तीन अधिकारियों की गिरफ्तारी

विशेष निगरानी इकाई ने चर्चित टेंडर घोटाला मामले में तीन अधिकारियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों में भवन निर्माण विभाग के पूर्व मुख्य अभियंता, वित्त विभाग के पूर्व संयुक्त सचिव और बुडको के कार्यपालक अभियंता शामिल हैं. जांच एजेंसी के अनुसार इस मामले में बड़ी राशि जब्त की गई थी और अब तक कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. इसके अलावा निगरानी ब्यूरो ने समस्तीपुर में एक मुखिया को रिश्वत मामले में और गया में एक चौकीदार को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है.

  • बिहार के 14 जिलों में आंधी-बारिश और वज्रपात की चेतावनी

मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है. पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, दरभंगा, वैशाली समेत 14 जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में तेज हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है.