Bihar politics : बिहार की राजनीति में इन दिनों निशांत कुमार की सक्रियता ने नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है. नीतीश कुमार के बेटे के तौर पर अब उनकी औपचारिक एंट्री के बाद यह माना जा रहा है कि वे न केवल पार्टी संगठन बल्कि सरकार के कामकाज में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.
संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी
जेडीयू के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, पार्टी में व्यापक बदलाव की योजना बन रही है. माना जा रहा है कि पुराने नेताओं की भूमिका धीरे-धीरे कम हो सकती है, जबकि नए और युवा चेहरों को आगे लाया जाएगा. यह बदलाव एकदम से नहीं बल्कि चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा, जिससे पार्टी का ढांचा धीरे-धीरे निशांत कुमार की टीम के अनुरूप ढल सके. निशांत कुमार ने खुद भी संकेत दिए हैं कि वे बिहार के विभिन्न शहरों का दौरा करेंगे और जेडीयू कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करेंगे. इस अभियान का उद्देश्य जमीनी स्तर पर पार्टी की स्थिति को समझना और कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेना बताया जा रहा है. वे वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ युवा कार्यकर्ताओं से भी लगातार मुलाकात कर रहे हैं, जिससे संतुलन बनाए रखने की कोशिश साफ दिखती है.
मंत्रिमंडल में भी बदलाव संभव
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि आने वाले समय में बिहार मंत्रिमंडल में फेरबदल हो सकता है. कुछ मौजूदा मंत्रियों को हटाकर नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है. साथ ही यह भी अटकलें हैं कि महत्वपूर्ण विभागों के बंटवारे में बदलाव हो सकता है, ताकि जेडीयू की भूमिका और प्रभाव बरकरार रहे. निशांत कुमार को लेकर यह चर्चा भी तेज है कि वे भविष्य में डिप्टी सीएम या यहां तक कि मुख्यमंत्री पद के दावेदार हो सकते हैं. हालांकि पार्टी की ओर से आधिकारिक तौर पर कुछ स्पष्ट नहीं कहा गया है, लेकिन कार्यकर्ताओं के बीच उन्हें सीएम मटेरियल के रूप में प्रस्तुत करने की कोशिश देखी जा रही है.
एनडीए में शक्ति संतुलन की रणनीति
जेडीयू और बीजेपी के बीच सत्ता संतुलन को लेकर भी रणनीति बनती दिख रही है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि निशांत कुमार यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि गठबंधन में जेडीयू की प्रासंगिकता बनी रहे और यह संदेश न जाए कि सरकार केवल बीजेपी के दम पर चल रही है. निशांत कुमार के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने पिता नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने की होगी. उन्होंने कई बार सार्वजनिक रूप से कहा है कि उन्हें अपने पिता के काम पर गर्व है और वे उसी रास्ते पर चलना चाहते हैं.