Bihar terrorist arreste : बिहार में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल बॉर्डर से नार्को-आतंकी मॉड्यूल से जुड़े एक खतरनाक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार शख्स की पहचान सेना के भगोड़े जवान राजबीर सिंह उर्फ फौजी के रूप में हुई है, जिसके पाकिस्तान स्थित हैंडलर से संपर्क होने की पुष्टि हुई है। हरैया रक्सौल थाना पुलिस और पंजाब स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) की संयुक्त कार्रवाई में 18 दिसंबर को राजबीर सिंह को कस्टम चौक के पास से दबोचा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 500 ग्राम हेरोइन और एक हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है।
नेपाल के रास्ते भारत से फरार होने का था प्लान
मीडिया रिपोर्ट में पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी नेपाल के रास्ते भारत से फरार होने की फिराक में था। गिरफ्तारी के बाद पंजाब पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ पंजाब ले गई है, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि राजबीर सिंह ने वर्ष 2011 में भारतीय सेना जॉइन की थी। हालांकि, अमृतसर ग्रामीण के घरिनडा थाना में आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के तहत दर्ज जासूसी के एक मामले में नाम सामने आने के बाद वह फरवरी 2025 से सेना से फरार चल रहा था।
नए साल में रेल यात्रियों पर बढ़ेगा खर्च… 26 दिसंबर से लागू होंगी नई किराया दरें
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पंजाब और हरियाणा में केस दर्ज होने के बाद राजबीर सिंह नेपाल फरार हो गया था। नेपाल में छिपकर वह पंजाब से नेपाल के बीच नशे की तस्करी में सक्रिय था। इसी दौरान उसका पाकिस्तान स्थित हैंडलरों से संपर्क सामने आया, जिससे नार्को-आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ।
कौन है राजबीर सिंह
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि राजबीर सिंह की गिरफ्तारी नार्को-आतंकी मॉड्यूल के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी है। उस पर अमृतसर और हरियाणा सहित कई राज्यों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोप है कि वह एक महिला थाने पर हैंड ग्रेनेड हमले और अमृतसर में जासूसी गतिविधियों में भी शामिल रहा है। फिलहाल, जांच एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं और उम्मीद जताई जा रही है कि राजबीर सिंह से पूछताछ में नशे और आतंकी नेटवर्क से जुड़े कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।