बिहार में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान…खेतों में पानी भरने से तैयार फसल खराब

Bihar weather news : मार्च महीने में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच अचानक बदले मौसम ने बिहार के कई जिलों में तबाही मचा दी है। तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से जहां आम लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों के लिए यह मौसम संकट बनकर सामने आया है। दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर सहित कई जिलों में लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं ने फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है।

बारिश से खेतों में पानी भरने से तैयार फसल खराब

खेतों में खड़ी रबी फसल गिर गई है, जिससे उत्पादन पर गंभीर असर पड़ा है। मसूर की फसल भी बर्बादी की कगार पर है। लीची की फसल पर भी मौसम की मार साफ दिखाई दे रही है। मंजर आने के समय हुई बारिश ने परागण प्रक्रिया को प्रभावित किया है, जिससे उत्पादन घटने की आशंका बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि इस समय बारिश से लीची की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। आलू किसानों की स्थिति भी बेहद चिंताजनक है। आलू की खुदाई का अंतिम दौर चल रहा था, लेकिन अचानक हुई बारिश से खेतों में पानी भर गया है, जिससे तैयार फसल खराब हो रही है। कई जगहों पर किसानों की मेहनत पूरी तरह बर्बाद हो गई है।

किसानों के सामने आर्थिक संकट

मौसम विभाग ने पहले ही तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी जारी की थी और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी थी। इसके बावजूद लगातार हो रही बारिश ने बड़े पैमाने पर फसलों को नुकसान पहुंचाया है।अब किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। फसलों की बर्बादी से उनकी आय पर गहरा असर पड़ा है। ऐसे में सभी की नजरें प्रशासन पर टिकी हैं कि प्रभावित किसानों के लिए क्या राहत और मुआवजा कदम उठाए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *