अब आपके घर तक आने की तैयारी कर रहा रेलवे…नई सुविधा ने बदला सफर का तरीका, जानें किन यात्रियों को मिलेगा फायदा

Railway News : भारतीय रेलवे यात्रियों के सफर को और अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है. अब तक ट्रेन यात्रा के दौरान सबसे बड़ी चुनौती यह होती थी कि स्टेशन तक पहुंचना तो आसान होता था, लेकिन उतरने के बाद अपने अंतिम गंतव्य तक जाना कई बार मुश्किल हो जाता था, खासकर नए शहरों में. इस समस्या के समाधान के लिए रेलवे अपनी सुपर ऐप रेल वन (RailOne) के जरिए एक नई सुविधा शुरू करने की तैयारी में है. इस सुविधा के तहत यात्री ट्रेन टिकट बुक करते समय ही अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए टैक्सी भी बुक कर सकेंगे.

क्या रेलवे का नया प्लान

रेलवे इस सेवा के लिए भारत टैक्सी के साथ साझेदारी करने जा रहा है. नई व्यवस्था लागू होने के बाद जब यात्री रेल वन ऐप पर टिकट बुक करेंगे, उसी दौरान उन्हें टैक्सी बुकिंग का विकल्प भी मिलेगा. यात्री अपने गंतव्य का पता दर्ज कर अग्रिम रूप से टैक्सी बुक कर सकेंगे. इस पहल से यात्रियों को ट्रेन से उतरने के बाद अलग-अलग ऐप्स या स्थानीय परिवहन साधनों की तलाश नहीं करनी पड़ेगी. यह सुविधा एक तरह से वन-क्लिक ट्रैवल प्लानिंग का अनुभव देगी, जिसमें यात्रा की पूरी योजना ट्रेन से लेकर अंतिम गंतव्य तक पहले से तय होगी.

अधिक आरामदायक और तनावमुक्त बनेगी यात्रा

यह सुविधा खासतौर पर उन यात्रियों के लिए फायदेमंद होगी जो किसी नए शहर में यात्रा कर रहे होते हैं. अभी तक यात्रियों को स्टेशन से बाहर निकलकर ऑटो, बस या टैक्सी ढूंढनी पड़ती थी, जिसमें समय के साथ-साथ अधिक किराया और सुरक्षा की चिंता भी रहती थी, विशेषकर महिलाओं और परिवार के साथ यात्रा करने वालों के लिए. नई सेवा के तहत ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही यात्रियों को पहले से बुक की गई टैक्सी उपलब्ध होगी. इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि यात्रा अधिक आरामदायक और तनावमुक्त बनेगी. साथ ही, उन लोगों को भी राहत मिलेगी जो स्टेशन से लेने के लिए अपने परिजनों पर निर्भर रहते थे.

ऐप को मिल रहा यात्रियों का शानदार रिस्पॉन्स

रेल वन ऐप को अश्विनी वैष्णव द्वारा 1 जुलाई 2025 को लॉन्च किया गया था. लॉन्च के बाद से इस ऐप को यात्रियों का शानदार रिस्पॉन्स मिला है. महज 8 महीनों में इसे 2 करोड़ से अधिक डाउनलोड मिल चुके हैं और यह प्रतिदिन लगभग 6 लाख बुकिंग संभालने की क्षमता रखता है. टैक्सी बुकिंग जैसी नई सुविधा जुड़ने के बाद रेल वन ऐप अब एक वन-स्टॉप ट्रैवल सॉल्यूशन के रूप में उभरता नजर आ रहा है, जो यात्रियों के सफर को पूरी तरह सहज और कनेक्टेड बनाने की दिशा में अहम कदम है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *