Bihar Weather Update : बिहार में मौसम ने अचानक खतरनाक रूप ले लिया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के 16 जिलों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है. अगले 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
इन जिलों में रेड अलर्ट
IMD के अनुसार अररिया, बेगूसराय, दरभंगा, कटिहार, खगड़िया, किशनगंज, मधेपुरा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, सुपौल और वैशाली जिलों में अत्यधिक खराब मौसम की आशंका है. इससे पहले शुक्रवार को अचानक मौसम बदल गया और राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली. मुजफ्फरपुर और वैशाली में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, कई इलाकों में ओले गिरे, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचा और कई जगहों से ओलावृष्टि की खबरें भी सामने आईं.