Bihar News : केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने रविवार को कहा कि आने वाले पांच साल बिहार के लिए स्वर्णिम काल साबित होंगे. उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन की सरकार के तहत राज्य को विकास का पूरा लाभ मिलेगा और चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में काम शुरू कर दिया गया है.
बिहार के लिए स्वर्णिम काल होंगे आने वाले पांच साल
चिराग पासवान ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें समर्थन दिया है, उस पर वे खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे. उन्होंने बताया कि चुनाव के बाद जनता के प्रति आभार जताने के लिए एक आभार यात्रा की रूपरेखा तैयार कर ली गई है, जिसके तहत वे खुद जनता के बीच जाकर उनसे संवाद करेंगे. उन्होंने कहा कि हमने चुनाव के दौरान जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करने के क्रम में काम शुरू कर दिया गया है. तमाम विषयों पर लगातार चर्चा चल रही है. आने वाले पांच साल बिहार के लिए स्वर्णिम काल के तौर पर होंगे और डबल इंजन की सरकार का लाभ प्रदेश को मिलेगा.
बिहार की दूसरी बड़ी खबरें देखने के लिए यहां क्लिक करें
इससे पहले शुक्रवार को चिराग पासवान ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि अपनी घटती लोकप्रियता के कारण विपक्षी दल मतदाता सूचियों के विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) का मुद्दा अनावश्यक रूप से उठा रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की राजनीति अब केवल हंगामा और आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित रह गई है. चिराग ने कहा कि पिछले साल भी विपक्ष ने बिहार में एसआईआर को लेकर इसी तरह का शोर मचाया था, लेकिन एनडीए की ऐतिहासिक जीत ने साफ कर दिया कि जनता उन दलों को नकार देती है, जो लोगों से जुड़े मुद्दों पर काम करने में विफल रहते हैं.
अपनी विश्वसनीयता को ही नुकसान पहुंचा रहा विपक्ष
उन्होंने विपक्ष पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अनुचित भाषा और व्यक्तिगत हमलों का आरोप लगाते हुए कहा कि चौकीदार चोर है जैसे नारे और वोट चोरी के आरोप विपक्ष की अपनी विश्वसनीयता को ही नुकसान पहुंचाते हैं. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब भी विपक्ष एसआईआर पर सवाल उठाता है, तो देश की जनता समझ जाती है कि वे अपनी सीटें गंवाने से डर रहे हैं और पहले से ही बहाने तैयार कर रहे हैं. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एसआईआर कोई नई प्रक्रिया नहीं है, बल्कि पहले भी इसी तरह का अभ्यास किया जाता रहा है. इस बार केवल तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है और ऑनलाइन प्रणाली को जोड़ा गया है. चिराग पासवान ने कहा कि जनगणना सुधारों सहित पहले भी इसी तरह के अभ्यास किए जा चुके हैं और एसआईआर पर बार-बार सवाल उठाना विपक्ष की चुनावी हार की आशंका को ही दर्शाता है.