12 ज्योतिर्लिंग में से एक गुजरात के सोमनाथ मंदिर पर बार-बार क्यों हुए हमले ? इतिहासकारों की नजर में 5 बड़ी वजहें

Somnath temple : भारत के सबसे प्राचीन और प्रसिद्ध मंदिरों में शामिल सोमनाथ मंदिर सिर्फ आस्था का केंद्र ही नहीं रहा, बल्कि यह राजनीति, व्यापार और सत्ता का भी बड़ा प्रतीक रहा है. गुजरात के सौराष्ट्र तट पर अरब सागर के किनारे स्थित यह मंदिर कई बार विदेशी आक्रमणकारियों के निशाने पर आया. इतिहास के पन्नों में दर्ज इन हमलों के पीछे सिर्फ धार्मिक कारण नहीं, बल्कि सत्ता, संपत्ति और रणनीति की बड़ी भूमिका रही. इतिहासकारों के मुताबिक, सोमनाथ पर हुए हमलों को केवल मंदिर विध्वंस के रूप में नहीं, बल्कि तत्कालीन राजनीतिक परिस्थितियों और सामरिक महत्व के संदर्भ में समझना चाहिए.

मंदिर में अपार खजाना

सोमनाथ मंदिर को प्राचीन काल से ही राजाओं, व्यापारियों और विदेशी यात्रियों से भारी दान मिलता रहा था. मंदिर के पास सोना, चांदी, हीरे-जवाहरात और बहुमूल्य वस्तुओं का बड़ा भंडार था. इतिहासकार आरसी मजूमदार लिखते हैं कि मंदिर पर आक्रमण का सबसे बड़ा कारण इसकी संपत्ति थी. आक्रमणकारियों के लिए यह एक समृद्ध खजाने पर कब्जा करने का अवसर था.

समुद्र के करीब रणनीतिक स्थिति

सोमनाथ मंदिर गुजरात के सौराष्ट्र क्षेत्र में समुद्र तट के पास स्थित था. यह पश्चिमी भारत का प्रवेश द्वार माना जाता था. अरब देशों से आने वाले व्यापारिक जहाज यहीं से भारत में प्रवेश करते थे. इस क्षेत्र पर कब्जा करना समुद्री व्यापार और तटीय मार्गों पर नियंत्रण पाने के लिए बेहद जरूरी माना जाता था.

राजनीतिक और सत्ता का प्रतीक

सोमनाथ सिर्फ धार्मिक स्थल नहीं था, बल्कि यह राजनीतिक शक्ति का भी प्रतीक था. इतिहासकार रोमिला थापर के अनुसार, मंदिर पर हमला धार्मिक कट्टरता से ज्यादा राजनीतिक संदेश देने के लिए किया जाता था. किसी प्रसिद्ध और प्रतिष्ठित स्थल पर हमला कर आक्रमणकारी अपनी सत्ता और भय का संदेश पूरे क्षेत्र में फैलाना चाहते थे.

कमजोर स्थानीय सत्ता का फायदा

इतिहासकार आरएस शर्मा मानते हैं कि जब किसी क्षेत्र में शासक कमजोर होता है या आंतरिक संघर्ष चल रहा होता है, तब मंदिर सबसे पहले निशाने पर आते हैं.
कई बार गुजरात क्षेत्र में राजनीतिक अस्थिरता और आपसी सत्ता संघर्ष के चलते बाहरी आक्रमणकारियों को हमला करने का मौका मिला.

ऐतिहासिक प्रसिद्धि और प्रचार

सोमनाथ मंदिर की प्रसिद्धि दूर-दूर तक फैली हुई थी. आक्रमणकारी जानते थे कि इस मंदिर पर हमला इतिहास में दर्ज होगा और उनकी विजय की चर्चा सदियों तक की जाएगी. सतीश चंद्र लिखते हैं कि सोमनाथ पर कब्जा केवल मंदिर तोड़ने का नहीं, बल्कि व्यापार, सत्ता और प्रतिष्ठा पर नियंत्रण का भी प्रतीक था.

क्या थी हमले की बड़ी वजह

सोमनाथ मंदिर पर हमले को लेकर इतिहासकारों की राय अलग अलग है. रोमिला थापर मानती हैं कि सोमनाथ पर हुए हमले धार्मिक कम और राजनीतिक ज्यादा थे. तो आरसी मजूमदार के अनुसार मंदिर की अपार संपत्ति सबसे बड़ा आकर्षण थी. जिसके कारण यहां हमले किए गए. वहीं इतिहासकार सतीश चंद्र लिखते हैं कि सोमनाथ पर कब्जा मतलब था व्यापार मार्गों और शक्ति केंद्रों पर नियंत्रण इसलिए वहां हमले हुए. तो आरएस शर्मा के मुताबिक कमजोर शासक व्यवस्था के कारण आक्रमणकारी मंदिर को सबसे पहले निशाना बनाते थे. सोमनाथ मंदिर पर हुए हमलों को सिर्फ धर्म के चश्मे से देखना इतिहास की पूरी तस्वीर नहीं दिखाता. यह मंदिर अपने समय में आस्था, संपत्ति, व्यापार और सत्ता का केंद्र था. यही वजह थी कि विदेशी आक्रमणकारियों की नजर बार-बार इसी पर टिकती रही. आज सोमनाथ मंदिर न सिर्फ पुनर्निर्माण का प्रतीक है, बल्कि यह भारतीय सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक संघर्षों की भी जीवंत मिसाल है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *