Bihar Weather : बिहार में तापमान लगातार गिरने लगा है। बुधवार सुबह पटना, गोपालगंज, बेतिया, बगहा समेत 10 से अधिक जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से दृश्यता कम हो गई और सुबह की शुरुआत कड़ाके की ठंड के साथ हुई। कई इलाकों में लोग अलाव का सहारा लेते दिखे।
सबौर और औरंगाबाद में पारा 8 डिग्री पर
राज्य के दो शहर सबौर और औरंगाबाद बुधवार को सबसे ठंडे स्थान रहे, जहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि अगले 3-4 दिनों तक कई जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा और ठंड में और बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
पछुआ हवा ने बढ़ाई ठिठुरन
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में पछुआ हवा सक्रिय है, जिसके कारण न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट आ रही है। पूर्वी और उत्तरी बिहार के जिलों में सबसे ज्यादा घना कोहरा और ठंड महसूस की जा रही है।
पटना में अभी सामान्य रहेगा मौसम
राजधानी पटना में फिलहाल मौसम सामान्य बने रहने की संभावना है। 13 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान 13–14 डिग्री और अधिकतम 23–24 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। पिछले 24 घंटे में पटना का न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सुबह कोहरे के बाद दिन में धूप निकलने से राहत मिली, हालांकि रात में ठिठुरन फिर बढ़ गई।
19 दिसंबर से पड़ सकती है कड़ाके की ठंड
मौसम विभाग का अनुमान है कि 19 दिसंबर के बाद पूरे राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। तापमान में और गिरावट आने के साथ सुबह-शाम कोहरा भी घना हो सकता है।