Darbhanga News : दरभंगा जिले के लहेरियासराय थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर साजिद हुसैन खान को रिश्वत लेने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. यह कार्रवाई जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी द्वारा वायरल वीडियो की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई.
चरित्र प्रमाण पत्र के सत्यापन के नाम पर पैसे लेने का आरोप
जानकारी के अनुसार, दरोगा पर आरोप है कि उन्होंने थाना परिसर में बैठकर चरित्र प्रमाण पत्र के सत्यापन के नाम पर एक युवक से अवैध रूप से रुपए लिए. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आया. वायरल वीडियो में दरोगा थाना के बरामदे में बैठकर काम करते दिखाई दे रहे हैं. इसी दौरान एक युवक उन्हें पर्स से रुपए निकालकर देता नजर आता है. युवक ने वीडियो में बताया कि वह चरित्र प्रमाण पत्र बनवाने और उसके सत्यापन के लिए थाना आया था. युवक के अनुसार, उसने 500 रुपए दिए थे. वीडियो में युवक ने अपना नाम और पता भी बताया है.
जांच के बाद हुई कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने लहेरियासराय थानाध्यक्ष अमित कुमार को वीडियो की सत्यता की जांच का जिम्मा सौंपा था. जांच में वीडियो सही पाए जाने के बाद दरोगा साजिद हुसैन खान को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया. उन्हें पुलिस लाइन में योगदान करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही निलंबन अवधि के दौरान सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर रहने के आदेश जारी किए गए हैं.
जिला मुख्यालय क्षेत्र में स्थित है थाना
लहेरियासराय थाना जिला मुख्यालय क्षेत्र में स्थित है, जहां प्रमंडलीय आयुक्त, डीआईजी, डीएम, एसएसपी और न्यायालय सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय मौजूद हैं. ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में इस तरह की घटना सामने आने से पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठे हैं. एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने बताया कि जिले में रिश्वतखोरी और कर्तव्य में लापरवाही के मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है. अब तक 24 से अधिक पुलिस पदाधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है, जबकि कई के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई है.