Rahul Gandhi Bihar visit : बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सियासी सरगर्मियां तेज़ हो गई हैं। गया जिले के गहलौर गांव में ‘माउंटेन मैन’ कहे जाने वाले दशरथ मांझी की पोती अंशु कुमारी ने कांग्रेस से बोधगया विधानसभा सीट से टिकट की मांग की है। शुक्रवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के गांव दौरे के बाद अंशु ने यह मांग उठाई है। फिलहाल यह सीट राजद के पास है।
Rahul Gandhi ने की दशरथ मांझी के परिवार सदस्यों से मुलाकात
राहुल गांधी ने दशरथ मांझी के गांव पहुंचकर उनके बेटे भागीरथ मांझी और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने मांझी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और परिवार को भरोसा दिलाया कि उनकी लड़ाई को कांग्रेस सम्मान देती है। राहुल गांधी ने दशरथ मांझी के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत से पहाड़ काटकर रास्ता बनाया, जो सभी के लिए मिसाल है।
कांग्रेस के लिए सीट बंटवारे की चुनौती
अंशु कुमारी ने कहा कि मैं चुनाव लड़ना चाहती हूं और मुझे उम्मीद है कि राहुल गांधी (Rahul Gandhi) हमारी मांग पर विचार करेंगे। अगर मुझे टिकट मिलता है, तो मैं अपने दादा के सपनों को साकार करने के लिए पूरी मेहनत करूंगी। गहलौर में दशरथ मांझी स्मृति भवन और उस ऐतिहासिक स्थान पर जाकर राहुल गांधी ने मांझी के योगदान को नमन किया। इस मुलाकात से मांझी परिवार को उम्मीद है कि उनके दिन बदलेंगे। हालांकि, बोधगया सीट पर फिलहाल राजद के कुमार सर्बजीत विधायक हैं, ऐसे में कांग्रेस के लिए सीट बंटवारे की चुनौती भी खड़ी हो सकती है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दशरथ मांझी के परिवार को टिकट देने का फैसला कांग्रेस के लिए सामाजिक और चुनावी दृष्टिकोण से अहम हो सकता है। अब देखना यह है कि कांग्रेस इस पर क्या फैसला लेती है।